Gwalior Navy Soldier Family Assault Case: नौसेना के जवान के परिवार पर जानलेवा हमले और लूट का आरोप, एसपी की जनसुनवाई में लगाई न्याय की गुहार

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में भारतीय नौसेना के एक जवान के परिवार के साथ घर में घुसकर मारपीट, जानलेवा हमला और सोने के आभूषण लूटने के आरोप लगे हैं। मामला हजीरा थाना क्षेत्र के गदाईपुरा बिरला नगर स्थित पीतांबरा कॉलोनी का है। स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट नौसेना के जवान अभिषेक राठौर ने पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में पहुंचकर न्याय और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। जवान ने मेडिकल रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं। वहीं, पुलिस ने पीड़ित महिला और युवक का दोबारा मेडिकल परीक्षण कराने की बात कही है।
गुजरात के जामनगर में ड्यूटी पर तैनात था जवान
भारतीय नौसेना में पदस्थ अभिषेक राठौर ने एसपी की जनसुनवाई में शिकायती आवेदन देकर बताया कि 22 नवंबर को वे गुजरात के जामनगर में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान घर पर उनकी मां, छोटा भाई और छोटी बहन मौजूद थे।
जवान का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले रामचरण और उसके परिवार के सदस्यों वर्षा, खुशबू, शिवानी, शिवम, सुनील, मीना, बिन्दिया देवी तथा दामाद हरिओम ने उनके परिवार के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया।
मां पर जानलेवा हमला और आभूषण लूटने का आरोप
अभिषेक राठौर ने शिकायत में आरोप लगाया है कि रामचरण ने उनकी मां पर जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला किया।
इसके अलावा आरोपी पक्ष की लड़कियों पर उनकी मां का सोने का मंगलसूत्र, चेन और बालियां लूटकर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
हजीरा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
नौसेना के जवान का आरोप है कि जब उनके परिवार के सदस्य घटना की शिकायत लेकर हजीरा थाने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने उनकी एफआईआर दर्ज करने के बजाय उल्टा उन्हीं पर आरोप लगा दिए।
जवान ने मेडिकल रिपोर्ट पर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि गंभीर हमले के बावजूद मेडिकल रिपोर्ट में चोटों को सामान्य बताया गया है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उनकी कथित संदिग्ध गतिविधियों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पीड़ित महिला और युवक का दोबारा होगा मेडिकल
मामले को लेकर सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने बताया कि शिकायतकर्ता की मांग के आधार पर पीड़ित महिला और युवक का दोबारा मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





