इंदौर एयरपोर्ट पर सुमित्रा महाजन की सुरक्षा में चूक! VIP लाउंज में अनजान शख्स के पहुंचने से मचा हड़कंप

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता सुमित्रा महाजन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अहिल्या स्मारक के संबंध में चर्चा के लिए एयरपोर्ट पहुंचीं सुमित्रा महाजन के पास वीआईपी लाउंज में अचानक एक अनजान व्यक्ति पहुंच गया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति के नशे में होने की आशंका थी। उसने पहले राजनीतिक बातें कीं और फिर इधर-उधर की बातें करने लगा। इस दौरान सुमित्रा महाजन दो बार असहज हुईं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके निजी सहायक राजेश मिश्रा ने तुरंत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षाकर्मी उस व्यक्ति को अपने साथ ले गए।
हालांकि, घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का एक और मामला सामने आया। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने उस व्यक्ति की पहचान दर्ज किए बिना ही उसे जाने दिया। इस पर सुमित्रा महाजन ने नाराजगी जताई और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
इस घटना ने वीआईपी लाउंज में प्रवेश व्यवस्था और सुरक्षा जांच को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, मामले में संबंधित सुरक्षा एजेंसी का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




