Indore Cyber Fraud: 10 हजार रुपए देकर खरीदते थे बैंक खाते, देशभर में साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। मध्य प्रदेश की इंदौर क्राइम ब्रांच ने लोगों के बैंक खाते खरीदकर देशभर में साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मंगलवार को गिरोह के मुख्य आरोपी रतलाम निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को 10 हजार रुपए देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था और इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में करता था। पुलिस ने अपना बैंक खाता बेचने वाले इंदौर निवासी अंशु के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। वहीं, एक अन्य मामले में लसूड़िया थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के लिए बैंक खाता खरीदने के आरोप में मंदसौर निवासी शुभम मालवीय को गिरफ्तार किया है।
संदिग्ध बैंक खाते की जांच से हुआ गिरोह का खुलासा
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि साइबर ठगी की शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने फेडरल बैंक के एक संदिग्ध म्यूल खाते की जांच शुरू की थी।
तकनीकी जांच में पता चला कि यह बैंक खाता इंदौर निवासी अंशु के नाम पर है। पुलिस पूछताछ में अंशु ने स्वीकार किया कि उसने 10 हजार रुपए लेकर अपने बैंक खाते का नियंत्रण रतलाम जिले के आलोट स्थित मीणा कॉलोनी निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा पुत्र काशीराम मीणा को सौंप दिया था।
पुलिस के मुताबिक, पंकज इस बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम के लेनदेन के लिए कर रहा था।
तमिलनाडु और तेलंगाना में भी दर्ज हैं मामले
पुलिस की जांच में सामने आया कि संबंधित बैंक खाते से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतें अन्य राज्यों में भी दर्ज हैं।
तमिलनाडु के कल्लाकुरिची साइबर अपराध थाने और तेलंगाना के मलकाजगिरी साइबर अपराध थाने में इस खाते से संबंधित धोखाधड़ी के मामले दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पंकज ने कई अन्य लोगों से भी 10-10 हजार रुपए देकर बैंक खाते हासिल करने की बात स्वीकार की है। इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से प्राप्त रकम के लेनदेन में किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ऑनलाइन गेमिंग के लिए बैंक खाता खरीदने वाला आरोपी भी गिरफ्तार
एक अन्य मामले में इंदौर की लसूड़िया थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के लिए बैंक खाता खरीदने के आरोप में मंदसौर जिले के धरियाखेड़ी निवासी शुभम पुत्र विनोद मालवीय को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी राजकुमार यादव की टीम ने आरोपी के पास से भारतीय स्टेट बैंक की चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। ये बैंक दस्तावेज रतलाम के सांवलिया बैंकिंग पॉइंट से जुड़े विनोद के नाम पर पंजीकृत हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शुभम ने यह बैंक खाता 10 हजार रुपए में खरीदने की बात स्वीकार की है।
गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों और संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों से बैंक खाते खरीदे हैं और इन खातों के माध्यम से कितनी रकम का लेनदेन किया गया है।





