Satna Constable Kidnapping Case: एसपी के स्पेशल दस्ते में तैनात आरक्षक पर युवक के अपहरण का आरोप, 50 हजार रुपए की फिरौती मांगने का दावा, परिजनों ने पकड़ा

Satna Constable Kidnapping Case: एसपी के स्पेशल दस्ते में तैनात आरक्षक पर युवक के अपहरण का आरोप, 50 हजार रुपए की फिरौती मांगने का दावा, परिजनों ने पकड़ा

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में पुलिस के एक आरक्षक पर युवक का अपहरण कर 50 हजार रुपए की फिरौती मांगने का गंभीर आरोप लगा है। मामला रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात घर लौट रहे एक युवक को चाकू मारकर अगवा किया गया और बगीचे में बंधक बनाकर उसके परिजनों से फिरौती मांगी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की पहचान एसपी के स्पेशल दस्ते सुपर-30 में तैनात आरक्षक विवेक सिंह के रूप में हुई है।

एजेंसी से घर लौट रहा था युवक

टिकुरिया माधवगढ़ निवासी 38 वर्षीय ऋषभ सिंह टोयोटा एजेंसी में सुपरवाइजर हैं। उनके पिता नरेंद्र बहादुर सिंह पेशे से अधिवक्ता हैं।

नरेंद्र बहादुर सिंह के मुताबिक, बुधवार रात उनका बेटा एजेंसी में बालू का ट्रक खाली कराने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। रात करीब दो बजे माधवगढ़ स्थित डी पॉल स्कूल के पास आरोपियों ने उसे रोक लिया और पैर में चाकू मारकर घायल कर दिया।

इसके बाद आरोपियों ने उसे सतरी के एक बगीचे में ले जाकर बंधक बना लिया।

फोन कर परिजनों से मांगी 50 हजार रुपए की फिरौती

ऋषभ के पिता का आरोप है कि युवक को बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने परिजनों को फोन किया और उसे छोड़ने के बदले 50 हजार रुपए की फिरौती मांगी।

इसकी जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान उसके तीन अन्य साथी भाग निकले।

पकड़े गए आरोपी की पहचान पुलिस आरक्षक विवेक सिंह के रूप में हुई है।

एसपी के स्पेशल दस्ते सुपर-30 में तैनात है आरक्षक

आरक्षक विवेक सिंह सतना एसपी के स्पेशल दस्ते सुपर-30 में तैनात है। उसके पास से चाकू, पहचान पत्र और बाइक बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पकड़ा गया आरक्षक और उसके पास से मिला चाकू दिखाई दे रहा है।

पिता बोले- आरोपियों को पहले से नहीं जानता था बेटा

ऋषभ के पिता नरेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि उनका बेटा आरोपियों को पहले से नहीं जानता था।

उन्होंने आशंका जताई है कि लूट और पैसे वसूलने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि, वारदात की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जिला अस्पताल में चल रहा घायल युवक का इलाज

घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। इसके बाद पुलिस ने गुरुवार सुबह घायल ऋषभ सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

अस्पताल पहुंचे एडिशनल एसपी, परिजनों से की बातचीत

घटना की जानकारी मिलने के बाद एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल ऋषभ सिंह का हालचाल जाना और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।

इसके बाद एडिशनल एसपी रामपुर बघेलान थाने पहुंचे, जहां पकड़े गए आरक्षक से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच के बाद प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरक्षक और उसके कथित साथियों की भूमिका की जांच जारी है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →