Indore News: सांवेर में जर्जर मकान की दीवार गिरी, 3 की मौत और 2 घायल; मकान हटाने का दिया गया था नोटिस

Indore News: सांवेर में जर्जर मकान की दीवार गिरी, 3 की मौत और 2 घायल; मकान हटाने का दिया गया था नोटिस
इंदौर। इंदौर के समीप सांवेर में बुधवार दोपहर जर्जर मकान की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि जिस मकान की दीवार गिरी, वह काफी पुराना और जर्जर हालत में था। अधिकारियों की ओर से मकान को हटाने के लिए पहले नोटिस भी दिया गया था। इसके बावजूद मकान को गिराने का काम मजदूरों के जरिए कराया जा रहा था।
मकान तोड़ते समय मजदूरों पर गिरी दीवार
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर मजदूर पुराने मकान को हटाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान की एक दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के नीचे काम कर रहे 5 लोग दब गए।
हादसे के बाद ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे को हटाकर लोगों को बाहर निकाला गया। सबसे पहले एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। इसके बाद बचाव अभियान में दो और शव निकाले गए।
दो घायलों को भी मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए सांवेर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इंदौर रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान नहीं हो सकी
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने की कोशिश कर रही है। वहीं, घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
बताया जा रहा है कि मकान मालिक इंदौर में रहता है। जर्जर होने के कारण मकान में लंबे समय से कोई नहीं रह रहा था।
नोटिस के बावजूद मकान हटाने का काम
स्थानीय जानकारी के अनुसार, प्रशासन की ओर से मकान को खतरनाक मानते हुए उसे हटाने के लिए नोटिस दिया गया था। इसके बाद मकान मालिक की ओर से इसे हटाने का काम मजदूरों को सौंपा गया।
मकान तोड़ने के दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
SDRF टीम भी मौके के लिए रवाना
मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना मिलने के बाद इंदौर से SDRF की टीम भी सांवेर के लिए रवाना की गई। हालांकि स्थानीय ग्रामीण और पुलिस जवान इससे पहले ही मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने में जुट गए थे।
ग्रामीणों ने मलबे में एक बच्चे के दबे होने की आशंका भी जताई थी। इसके बाद बचाव दल ने मलबे की बारीकी से जांच की, लेकिन वहां कोई बच्चा नहीं मिला।
घनी आबादी के बीच हुआ हादसा
यह मकान सांवेर के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित बताया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ के कारण राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी लोगों को बार-बार घटनास्थल से दूर करते रहे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि मकान को हटाने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और हादसे के लिए किसी की लापरवाही जिम्मेदार है या नहीं।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk