Ujjain News: उज्जैन महाकाल मंदिर में कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने किए दर्शन, भस्म आरती में हुए शामिल

उज्जैन। भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर में हुए मुकाबले में जीत के बाद भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव और तिलक वर्मा सोमवार सुबह उज्जैन के श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे। दोनों खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
दो घंटे तक नंदी हॉल में की आराधना
जानकारी के मुताबिक, कुलदीप यादव और तिलक वर्मा सोमवार तड़के करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे। दोनों ने नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे हाथ जोड़कर भगवान महाकाल की आराधना करते नजर आए।
भस्म आरती के बाद दोनों खिलाड़ियों ने देहरी से बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। इसके बाद पुजारियों के माध्यम से जल अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना भी की।
प्रशंसकों में दिखा उत्साह
मंदिर परिसर में दोनों क्रिकेटरों की मौजूदगी प्रशंसकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को सामने देखकर लोग उत्साहित नजर आए। कई प्रशंसकों ने उनके साथ तस्वीरें और सेल्फी लेने की कोशिश की। मंदिर समिति की ओर से खिलाड़ियों का स्वागत और सम्मान किया गया। पुजारियों ने भी उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
भस्म आरती के दर्शन के बाद खिलाड़ियों ने इस अनुभव को आध्यात्मिक और ऊर्जावान बताया।
गौतम गंभीर और हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद ने भी किए दर्शन
महाकाल मंदिर में खेल जगत की हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। खबर के मुताबिक, रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी बाबा महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल हुए थे।
वहीं, सोमवार को कुलदीप यादव और तिलक वर्मा के साथ हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद ने भी मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।





