मध्य प्रदेश में बनेगा मां बगलामुखी देवी लोक, 55 एकड़ में होगा निर्माण; पहले चरण में खर्च होंगे 85.40 करोड़ रुपये

आगर-मालवा। मध्य प्रदेश के नलखेड़ा में मां बगलामुखी देवी लोक का निर्माण किया जाएगा। करीब 55 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस धार्मिक परिसर के पहले चरण में 85.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। देवी लोक के निर्माण से नलखेड़ा में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
108 फीट ऊंचा होगा मंदिर का शिखर
प्रस्तावित योजना के अनुसार, देवी लोक में मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में किया जाएगा। मंदिर का शिखर 108 फीट ऊंचा होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के लिए परिसर में 220 यज्ञशालाएं बनाई जाएंगी। इसके अलावा 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला का निर्माण भी प्रस्तावित है।
परिसर में श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा के लिए चार प्रवेश द्वार, सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल और वीवीआईपी भवन बनाया जाएगा।
पार्किंग से लेकर फसाड लाइटिंग तक की सुविधा
मां बगलामुखी देवी लोक को आकर्षक स्वरूप देने के लिए फसाड लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे रात में भी मंदिर और परिसर की वास्तुकला की खूबसूरती दिखाई देगी।
श्रद्धालुओं के वाहनों और बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। इसके साथ ही आधुनिक शौचालय, उद्यान, प्लंबिंग और अग्निशमन सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
नलखेड़ा में लखुंदर नदी के किनारे स्थित मां बगलामुखी मंदिर को प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है। मां बगलामुखी को दस महाविद्याओं में से एक माना जाता है। देवी लोक परियोजना के पूरा होने पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आगर-मालवा कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने रविवार को नलखेड़ा पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी तैयारियों की समीक्षा की।





