MP Betul Fraud Case: 11 रिटायर्ड कर्मचारियों से ठगी करने वाले दोषी को 120 साल की सजा, अदालत ने लगाया 1.13 करोड़ रुपए का अर्थदंड

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में धोखाधड़ी के एक मामले में विशेष न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। सारनी की कोल माइंस के 11 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जीवनभर की जमा पूंजी हड़पने वाले चंद्रकिशोर देशमुख को अदालत ने कुल 120 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम के विशेष न्यायालय के न्यायाधीश रईस खान ने दोषी पर 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। यह राशि पीड़ित कर्मचारियों को प्रतिकर के रूप में प्रदान की जाएगी।
एक के बाद एक चलेंगी सभी 20 सजाएं
विशेष न्यायालय ने चंद्रकिशोर देशमुख को भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत धोखाधड़ी के 10 मामलों में पांच-पांच वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इन सजाओं की कुल अवधि 50 वर्ष है।
इसके अलावा आईपीसी की धारा 409 के तहत आपराधिक विश्वासघात के 10 मामलों में सात-सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। इनकी कुल अवधि 70 वर्ष है।
सहायक जिला अभियोजन अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार सभी 20 सजाएं एक साथ चलने के बजाय एक के बाद एक चलेंगी। इस तरह दोषी के कारावास की कुल अवधि 120 वर्ष होगी।
खुद को बैंक अधिकारी बताकर देता था रकम दोगुनी करने का लालच
शासन की ओर से मामले में पैरवी करने वाले विशेष लोक अभियोजक शशिकांत नागले ने न्यायालय को बताया कि सारनी की मठारदेव कॉलोनी निवासी चंद्रकिशोर देशमुख खुद को बैंक का फील्ड अधिकारी बताता था।
वह कोल माइंस से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को अधिक ब्याज दिलाने और कम समय में उनकी जमा राशि दोगुनी करने का लालच देता था।
उसकी बातों पर भरोसा कर कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी उसे सौंप दी थी। जब कर्मचारी अपनी रकम वापस मांगते थे तो वह पैसे लौटाने से इनकार कर देता था।
2018 में हुई थी पहली शिकायत
इस मामले में कानूनी कार्रवाई की शुरुआत 19 अप्रैल 2018 को हुई थी। सेवानिवृत्त कर्मचारी लवटनराम ने पुलिस से शिकायत की थी कि रिटायरमेंट के बाद उन्हें वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) से 23 लाख रुपए मिले थे।
इनमें से 15 लाख रुपए उन्होंने अधिक ब्याज मिलने की उम्मीद में चंद्रकिशोर देशमुख को दे दिए थे। जब उन्हें अपनी रकम वापस नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
जांच में सामने आए ठगी के कई मामले
लवटनराम की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की तो धोखाधड़ी के कई अन्य मामले भी सामने आए।
पुलिस विवेचना में पता चला कि चंद्रकिशोर देशमुख ने लवटनराम के अलावा आसाराम, वच्छला बाई, मनोज, कुमोद मुखर्जी, रामदुलारी बाई और अरविंद कुमार कुशवाहा सहित कुल 11 सेवानिवृत्त कर्मचारियों से एक करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस ने जांच के दौरान बैंक चेक, बैंक संबंधी दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी पर्चियां जब्त की थीं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया था।
पीड़ित कर्मचारियों को मिलेगी अर्थदंड की राशि
न्यायालय ने अभियोजन पक्ष की दलीलों और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर चंद्रकिशोर देशमुख को दोषी करार दिया। अदालत ने कठोर कारावास के साथ 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है।
न्यायालय के आदेश के मुताबिक अर्थदंड की राशि पीड़ित कर्मचारियों को प्रतिकर के रूप में प्रदान की जाएगी।





