MP Farmers Protest: गन्ने के 600 रुपए प्रति क्विंटल भाव की मांग पर अड़े किसान, भोपाल में डाला डेरा, शिवराज सिंह चौहान और सीएम मोहन यादव के बीच होगी चर्चा

MP Farmers Protest: गन्ने के 600 रुपए प्रति क्विंटल भाव की मांग पर अड़े किसान, भोपाल में डाला डेरा, शिवराज सिंह चौहान और सीएम मोहन यादव के बीच होगी चर्चा

भोपाल। मध्य प्रदेश में गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने और 50 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन जारी है। राजधानी भोपाल के होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर किसानों ने डेरा डाल रखा है। सोमवार की रात किसानों ने खुले आसमान के नीचे गुजारी। मंगलवार को पांच किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मुलाकात की। मुलाकात के बाद किसान नेताओं ने बताया कि बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच गन्ने के भाव को लेकर चर्चा होगी। इसके बाद किसान आगे की रणनीति तय करेंगे। वहीं, नर्मदापुरम से और किसानों के भोपाल पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

कृषि सचिव से मिलकर लौटा किसानों का प्रतिनिधिमंडल

गन्ने के भाव को लेकर आंदोलन कर रहे पांच किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं।

मुलाकात के बाद किसान नेताओं ने बताया कि बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच इस मुद्दे पर बातचीत होगी। दोनों नेताओं के बीच होने वाली चर्चा के बाद किसान अपने आंदोलन को लेकर अगला फैसला करेंगे।

चार जिलों के कलेक्टरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा

किसान नेताओं के मुताबिक, चार जिलों के कलेक्टरों और जिला प्रशासन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी चर्चा की जा रही है।

किसान नेताओं ने शुगर मिल मालिकों पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि देशभर के किसानों का समर्थन उन्हें मिल रहा है।

600 रुपए प्रति क्विंटल भाव और 50 रुपए बोनस की मांग

आंदोलन कर रहे किसानों की मांग है कि गन्ने का मौजूदा भाव 400 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 600 रुपए किया जाए। इसके साथ ही किसानों को 50 रुपए प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाए।

किसानों के मुताबिक, सरकार 450 रुपए प्रति क्विंटल भाव देने की बात कर रही है, लेकिन खेती की बढ़ती लागत को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं है।

किसान नेता प्रतीक शर्मा ने बताया कि आंदोलन में नरसिंहपुर जिले के गन्ना उत्पादक किसान शामिल हैं। सोमवार को पांच किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव से भी मुलाकात की थी, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन सकी।

खुले आसमान के नीचे किसानों ने गुजारी रात

गन्ना उत्पादक किसान होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं।

किसान नेता राकेश धाकड़ ने बताया कि सोमवार की रात किसानों ने किसी तरह भोजन की व्यवस्था की और खुले आसमान के नीचे रात गुजारी।

प्रदर्शन स्थल पर पुलिस ने टेंट भी लगाया है, लेकिन किसान टेंट के बाहर खुले आसमान के नीचे बैठे हुए हैं।

नर्मदापुरम से भी भोपाल आ रहे किसान

किसान नेताओं ने बताया कि नर्मदापुरम जिले से भी किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए भोपाल आ रहे हैं। किसानों की संख्या बढ़ने की सूचना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया है।

सोमवार रात प्रदर्शन स्थल पर दो डीएसपी और चार इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों के साथ करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात थे। मंगलवार को करीब 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानकारी सामने आई है।

सर्विस रोड पर बैरिकेडिंग, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

होशंगाबाद रोड पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस ने सर्विस रोड पर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर रखी है। वीर सावरकर सेतु की शुरुआत में भी बैरिकेड्स लगाए गए हैं। इसके अलावा गणेश मंदिर के पास भी बैरिकेडिंग की तैयारी की गई है।

फिलहाल किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। अब उनकी निगाहें बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच होने वाली प्रस्तावित बातचीत पर टिकी हैं।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →