MP JanParichay Portal: मध्य प्रदेश के 8 करोड़ नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत, एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी 500 सरकारी सेवाएं, बार-बार रजिस्ट्रेशन से मिलेगी मुक्ति

भोपाल। मध्य प्रदेश के करीब 8 करोड़ नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए अब अलग-अलग वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन और लॉगिन करने की झंझट से राहत मिलने वाली है। राज्य सरकार जनपरिचय प्लेटफॉर्म के माध्यम से करीब 500 सरकारी सेवाओं को एक ही लॉगिन से उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद नागरिक एक ही आईडी और पासवर्ड से विभिन्न सरकारी विभागों की ऑनलाइन सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। अगले एक से दो महीने में प्रदेश के विभिन्न विभागों के पोर्टल और एप्लीकेशन की समीक्षा कर उन्हें जनपरिचय से जोड़ने की तैयारी है।
नागरिकों का समय बचाना प्राथमिकता : एसीएस शिव शेखर शुक्ला
सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि जनपरिचय नागरिकों की सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल है। डिजिटल सेवाओं का उद्देश्य नागरिकों का समय बचाना और सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाना होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बार-बार ओटीपी दर्ज करने जैसी प्रक्रियाओं को कम करने के लिए सुरक्षित ऑटोमेशन जरूरी है। एक बार नागरिकों का डेटाबेस तैयार होने के बाद विभिन्न विभागों और संस्थानों को आवश्यकतानुसार प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी।
अपर मुख्य सचिव शुक्रवार को भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित 'जनपरिचय-मेरी पहचान' की राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला का आयोजन केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) ने किया।
केंद्र और अन्य राज्यों की सेवाओं का भी मिलेगा लाभ
एनआईसी मध्य प्रदेश के राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी एवं उप महानिदेशक सुनील जैन ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों की अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। हालांकि, इनका लाभ लेने के लिए नागरिकों को अलग-अलग पोर्टल पर पंजीयन कराने के साथ अलग-अलग आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल करना पड़ता है।
जनपरिचय के माध्यम से नागरिक एक ही अकाउंट का उपयोग कर मध्य प्रदेश के साथ केंद्र सरकार और अन्य राज्यों के इस प्लेटफॉर्म से जुड़े पोर्टल और एप्लीकेशन की सेवाओं का लाभ भी ले सकेंगे।
एक से दो महीने में विभागों के पोर्टल जोड़ने की तैयारी
सुनील जैन ने बताया कि आगामी एक से दो महीने में प्रदेश के सभी विभागों के पोर्टल और एप्लीकेशन की समीक्षा कर उन्हें जनपरिचय से एकीकृत किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग और डेवलपमेंट टीम की व्यवस्था की गई है।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों ने अपने पोर्टल, एप्लीकेशन और मोबाइल एप्लीकेशन को निर्धारित समय-सीमा में जनपरिचय से जोड़ने की प्रतिबद्धता जताई।
राशन और समर्थन मूल्य पर उपार्जन से जुड़ी सेवाएं भी होंगी शामिल
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के आयुक्त दिनेश जैन ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर उपार्जन जैसी योजनाओं से प्रदेश की बड़ी आबादी जुड़ी हुई है।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग की प्रमुख एप्लीकेशन को भी निर्धारित समय-सीमा में जनपरिचय प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा।
आधार, पैन और ड्राइविंग लाइसेंस से हो सकेगा सत्यापन
जनपरिचय प्लेटफॉर्म पर नागरिकों की पहचान के सत्यापन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एप्लीकेशन आधारित आईडी का विकल्प उपलब्ध है।
इसके अलावा अकाउंट की सुरक्षा के लिए ओटीपी, बैकअप कोड, टैप और टोकन आधारित मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी दी गई है।
प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए रियल टाइम निगरानी और विश्लेषण की व्यवस्था भी है।
जनपरिचय प्लेटफॉर्म से नागरिकों को मिलेंगे ये फायदे
-
एक ही आईडी और पासवर्ड से विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ।
-
अलग-अलग सरकारी पोर्टल पर बार-बार पंजीयन से मुक्ति।
-
प्रत्येक सेवा के लिए अलग पासवर्ड याद रखने की जरूरत नहीं।
-
केंद्र और अन्य राज्यों की एकीकृत सरकारी सेवाओं तक पहुंच।
-
एकीकृत प्रोफाइल के माध्यम से पहचान का सत्यापन।
-
सरकारी सेवाओं के उपयोग में समय की बचत।
-
मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन से अकाउंट की बेहतर सुरक्षा।
सरकारी विभागों को भी मिलेगा फायदा
जनपरिचय से जुड़ने के बाद सरकारी विभागों को अपने एप्लीकेशन के लिए अलग से लॉगिन, ओटीपी और पासवर्ड रिकवरी सिस्टम विकसित करने तथा उनके रखरखाव की आवश्यकता कम होगी।
कार्यशाला में विभागीय तकनीकी टीमों को प्लग-एंड-प्ले प्रमाणीकरण, ओपन आईडी कनेक्ट, ओऑथ 2.0, सैमल और एपीआई आधारित एकीकरण की जानकारी दी गई।
इसके अलावा सरकारी पोर्टल और मोबाइल एप्लीकेशन को जनपरिचय से जोड़ने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी किया गया।
डेटा प्राइवेसी और साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर
अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि नागरिकों की निजी जानकारी की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जनपरिचय के माध्यम से सरकारी सेवाओं को अधिक सरल और सुलभ बनाया जा सकता है।
राज्य सरकार एनआईसी के साथ समन्वय कर इस पहल को आम नागरिकों तक पहुंचाएगी। कार्यशाला में एनआईसी मुख्यालय के विशेषज्ञों ने प्लेटफॉर्म की तकनीकी संरचना, साइबर सुरक्षा मानकों, पंजीयन और केवायसी की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
क्या है जनपरिचय प्लेटफॉर्म?
जनपरिचय केंद्र सरकार का नेशनल सिंगल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से विभिन्न सरकारी वेबसाइट और एप्लीकेशन को एक ही प्रमाणीकरण प्रणाली से जोड़ा जाता है।
नागरिक एक बार अपना अकाउंट बनाकर इस प्लेटफॉर्म से जुड़ी विभिन्न सरकारी सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं। मध्य प्रदेश के सरकारी पोर्टल इससे जुड़ने के बाद नागरिकों को अलग-अलग वेबसाइट पर बार-बार लॉगिन करने और पंजीयन कराने की आवश्यकता कम हो जाएगी।





