MP LPG Gas Connection Crisis: मध्य प्रदेश में नए घरेलू गैस कनेक्शन पर संकट, 14.2 किलो सिलेंडर का विकल्प हटा, चार बड़े शहरों में 70 हजार आवेदन अटके

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में नए घरेलू गैस कनेक्शन को लेकर संकट की स्थिति बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में नौ फरवरी से नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं। सब्सिडी वाले नए गैस कनेक्शन भी बंद बताए जा रहे हैं। इसके चलते भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में करीब 70 हजार आवेदन लंबित हैं। गैस कंपनियों के सॉफ्टवेयर से 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर का नया कनेक्शन लेने का विकल्प भी हटा दिया गया है। ऐसे में उपभोक्ताओं के पास पांच और 10 किलो वाले सिलेंडर का विकल्प ही बचा है।
तीनों गैस कंपनियों के सॉफ्टवेयर से हटाया विकल्प
मिली जानकारी के मुताबिक, इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस ने 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के नए कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा रखी है।
तीनों गैस कंपनियों के सॉफ्टवेयर से भी 14.2 किलो वाले सिलेंडर के नए कनेक्शन का विकल्प हटा दिया गया है।
अब नए उपभोक्ताओं के लिए केवल पांच और 10 किलो वाले गैस सिलेंडर के कनेक्शन का विकल्प उपलब्ध बताया जा रहा है।
चार बड़े शहरों में 70 हजार आवेदन लंबित
नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी नहीं होने के कारण प्रदेश के हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में ही करीब 70 हजार आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं। आवेदकों को लंबे समय से नए गैस कनेक्शन शुरू होने का इंतजार है।
उपभोक्ताओं को महंगे पड़ रहे छोटे सिलेंडर
14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर का नया कनेक्शन नहीं मिलने से उपभोक्ताओं के सामने छोटे सिलेंडर लेने की मजबूरी है।
जानकारी के मुताबिक, सामान्य घरेलू गैस सिलेंडर के मुकाबले छोटे और कमर्शियल सिलेंडर की गैस प्रति किलो के हिसाब से दोगुने से भी ज्यादा महंगी पड़ रही है। वहीं, 10 किलो का नया गैस सिलेंडर 1600 रुपए में मिलने की जानकारी है।
नए कनेक्शन कब शुरू होंगे, अभी स्पष्ट नहीं
घरेलू गैस के नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया दोबारा कब शुरू होगी, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
ऐसे में प्रदेश के हजारों आवेदकों को गैस कंपनियों के अगले निर्णय का इंतजार है।





