MP Outsource Employees News: आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी को लेकर सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान, बोले- किसी को नहीं हटाया जाएगा, वर्तमान व्यवस्था रहेगी कायम

MP Outsource Employees News: आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी को लेकर सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान, बोले- किसी को नहीं हटाया जाएगा, वर्तमान व्यवस्था रहेगी कायम

भोपाल। मध्य प्रदेश के आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा। उनकी नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में जारी व्यवस्था कायम रहेगी। आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने के संबंध में फैलाई जा रही बातों को मुख्यमंत्री ने भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने यह बात मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में कही।

40 कर्मचारी संगठनों ने किया मुख्यमंत्री का सम्मान

मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गजमाला पहनाकर स्वागत किया।

शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा की नीति समाप्त करने, पदोन्नति और वेतन-भत्तों में वृद्धि सहित अन्य कर्मचारी कल्याण संबंधी निर्णयों के लिए संगठनों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कर्मचारियों के परिवार की आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार नीतियां और योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें लागू कर अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का काम कर्मचारी ही करते हैं।

कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण के लिए राज्य सरकार और अधिकारी-कर्मचारी एक परिवार की तरह काम कर रहे हैं।

दो संतान की सीमा समाप्त, सीपीसीटी की अनिवार्यता में भी छूट

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए दो संतान की सीमा की नीति समाप्त करने का निर्णय लिया है।

इसके अलावा सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के लिए कुछ शर्तों के साथ कंप्यूटर दक्षता प्रमाणन परीक्षा (सीपीसीटी) की अर्हता से छूट दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार लगातार निर्णय ले रही है।

एक लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को मिली पदोन्नति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती का सिलसिला जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। इससे कई विभागों में युवा और ऊर्जावान कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है।

करीब 26 प्रकार के भत्तों का किया गया पुनरीक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया है। कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन और भत्तों के भुगतान में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।

इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई राहत देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से सहमति लेने की व्यवस्था भी समाप्त की गई है।

अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को समझने और उनके निराकरण के लिए मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग का गठन किया गया है।

स्कूल शिक्षा विभाग में एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवारों की सहायता के लिए अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है।

अनुकंपा नियुक्ति देने के मामले में सरकारी विभागों के बीच प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई है। अकेले स्कूल शिक्षा विभाग में ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दी गई हैं।

कर्मचारी संगठनों ने की सरकार के निर्णयों की सराहना

भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का निराकरण किया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति के साथ विभिन्न वर्गों की वेतन विसंगतियों का भी निराकरण किया गया है।

गुर्जर ने दावा किया कि मध्य प्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी कल्याण समिति दोनों कार्यरत हैं।

समारोह में मौजूद रहे विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी

अभिनंदन समारोह में मध्य प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष संतोष कुमार गांधी, लघु वेतन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, शिक्षक कांग्रेस के अध्यक्ष नवीन चतुर्वेदी, राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, अनुसूचित जाति जनजातीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश मौर्य, संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश राठौर और सचिवालय मंत्रालय शीघ्रलेखक संघ के अध्यक्ष सुभाष वर्मा उपस्थित रहे।

इसके अलावा नगर निगम एवं नगर पालिका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी, ग्रामीण कृषि अधिकारी संघ के संरक्षक मनोहर गिरि, वाहन चालक संघ के प्रदेशाध्यक्ष मनोज कुमार सहित भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र श्रीवास्तव ने किया।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →