MP Police News: सीधी में ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला, फायरिंग के बाद NDPS आरोपी को छुड़ा ले गए बदमाश; 4 गाड़ियों से पहुंचे थे

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में मंगलवार दोपहर ओडिशा पुलिस की टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में चार गाड़ियों से पहुंचे बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ ले गए। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम पर फायरिंग करने के साथ ही बेसबॉल बैट से भी हमला किया। घटना के बाद आरोपी को लेकर बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रीवा कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था आरोपी
जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस की टीम NDPS मामले में गिरफ्तार आदित्य मिश्रा को ओडिशा से मध्य प्रदेश के रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। टीम छुहिया घाटी से गुजर रही थी, तभी चार गाड़ियों में सवार लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर करीब तीन बार फायरिंग की। इसके बाद पुलिस टीम के साथ मारपीट करते हुए बेसबॉल बैट से हमला किया गया। हमले के दौरान बदमाश पुलिस के कब्जे से आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाने में सफल रहे।
8 पुलिसकर्मियों की टीम पर हमला
बताया जा रहा है कि आरोपी को लेकर जा रही टीम में कुल 8 पुलिसकर्मी मौजूद थे। टीम के पास AK-47, पिस्टल सहित अन्य हथियार भी बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद हमलावर आरोपी को छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।
ओडिशा पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पुलिस टीम पर तीन बार गोलियां चलाईं। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक फायरिंग और मारपीट की इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सीधी एसपी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही आसपास के थानों की पुलिस को भी सक्रिय कर दिया गया। पुलिस ने छुहिया घाटी और आसपास के इलाकों में वाहनों की तलाश शुरू कर दी है।
वारदात के बाद बदमाशों के मैहर जिले की ओर जाने की जानकारी सामने आई है। इसके आधार पर पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
चार गाड़ियों से आए थे बदमाश
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमलावर एक या दो वाहनों में नहीं बल्कि चार अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे थे। पुलिस वाहन को घेरने के बाद उन्होंने टीम पर हमला किया और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद छुहिया घाटी समेत रीवा-सीधी सीमा क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस टीम हमलावरों के संभावित रूट और वाहनों की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हमले में शामिल लोगों की संख्या, उनकी पहचान और आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाने के पीछे की वजह की भी जांच की जा रही है।





