Panna Diamond News: पन्ना में झांसी के दंपती को मिले 4 हीरे, 5.16 कैरेट वजन; कीमत करीब 12 लाख रुपये

Panna Diamond News: पन्ना में झांसी के दंपती को मिले 4 हीरे, 5.16 कैरेट वजन; कीमत करीब 12 लाख रुपये
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना की हीरा खदानों ने एक बार फिर एक परिवार की किस्मत बदल दी है। झांसी निवासी राजकुमार श्रीवास और उनकी पत्नी गुड्डी देवी को करीब 6 महीने की मेहनत के बाद एक साथ 4 हीरे मिले हैं। इन चारों हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट बताया जा रहा है और इनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक, पन्ना में हीरे मिलने की खबरों से प्रभावित होकर राजकुमार श्रीवास और उनकी पत्नी ने भी यहां खदान लगाने का फैसला किया था। इसके बाद दंपती ने पन्ना के सरकोहा क्षेत्र में हीरा खदान लेकर लगातार करीब छह महीने तक खुदाई और खोज का काम किया।
एक साथ मिले 4 हीरे
लगातार मेहनत के बाद दंपती को एक साथ चार हीरे मिलने से उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। प्राप्त हीरों में 1.62 कैरेट और 1.29 कैरेट के दो हीरे उच्च गुणवत्ता की श्रेणी के बताए जा रहे हैं। वहीं 1.44 कैरेट और 0.81 कैरेट के दो अन्य हीरे मैला किस्म के बताए गए हैं।
दंपती ने चारों हीरों को नियमानुसार हीरा कार्यालय में जमा कराया है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। वास्तविक कीमत सरकारी नीलामी में बिक्री के दौरान तय होगी।
6 महीने की मेहनत के बाद मिली बड़ी सफलता
राजकुमार श्रीवास ने अपनी इस सफलता को माता रानी का आशीर्वाद और छह महीने की मेहनत का नतीजा बताया। उनका कहना है कि पन्ना में हीरा मिलने की उम्मीद लेकर उन्होंने काम शुरू किया था, लेकिन एक साथ चार हीरे मिलने की उम्मीद नहीं थी।
बच्चों की पढ़ाई और कारोबार में लगाएंगे पैसा
राजकुमार के मुताबिक, हीरों की आगामी शासकीय नीलामी में बिक्री से जो रकम मिलेगी, उसका इस्तेमाल वे अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा और उनके भविष्य को संवारने में करेंगे। इसके साथ ही कुछ राशि अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में लगाने की योजना है।
पन्ना की खदानों में समय-समय पर स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले लोगों को हीरे मिलने के मामले सामने आते रहे हैं। इस बार झांसी के इस दंपती को मिले चार हीरों ने उनकी छह महीने की मेहनत को बड़ी कामयाबी में बदल दिया है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →