Rajgarh CMHO Dr Shobha Patel Suspended: मृत कर्मचारी के नाम 9 महीने तक वेतन जारी, वित्तीय अनियमितता में कार्रवाई

राजगढ़। जिले की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल को वित्तीय अनियमितता के मामले में निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच में सामने आया कि स्वास्थ्य विभाग की एक मृत कर्मचारी के नाम पर उसकी मृत्यु के बाद भी कई महीनों तक सरकारी वेतन जारी होता रहा। जांच में इस मामले में तत्कालीन CMHO की भूमिका को जिम्मेदार माना गया है।
18 जनवरी 2025 को हुई मौत, अक्टूबर तक जारी हुआ वेतन
विभागीय जांच रिपोर्ट के अनुसार स्वास्थ्य विभाग में स्वीपर के पद पर कार्यरत सुमित्रा बाई की 18 जनवरी 2025 को मृत्यु हो गई थी। इसके बावजूद उनके नाम पर अक्टूबर 2025 तक वेतन का भुगतान जारी रहा।
रिकॉर्ड के मुताबिक उनके खाते में ₹14,844 प्रतिमाह वेतन के रूप में भुगतान किया जाता रहा। इस तरह कर्मचारी की मृत्यु के बाद करीब 9 महीने तक सरकारी राशि वेतन के तौर पर जारी होने का मामला सामने आया है।
जांच में वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग का उल्लेख
विभागीय जांच में मृत कर्मचारी के नाम पर वेतन जारी रहने को गंभीर वित्तीय अनियमितता माना गया है। जांच रिपोर्ट में इस मामले में तत्कालीन CMHO डॉ. शोभा पटेल की जिम्मेदारी तय की गई है।
जांच के बाद शासन की ओर से डॉ. शोभा पटेल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
रिश्वत मामले के बाद अब वित्तीय अनियमितता में कार्रवाई
डॉ. शोभा पटेल इससे पहले भी लोकायुक्त की कार्रवाई के चलते चर्चा में रही हैं। उनके खिलाफ ₹20 हजार की रिश्वत लेने के मामले में लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई हुई थी। अब विभागीय जांच में मृत कर्मचारी के नाम पर वेतन भुगतान का मामला सामने आने के बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
मामले में विभागीय स्तर पर यह भी जांच का विषय है कि कर्मचारी की मृत्यु के बाद वेतन भुगतान की प्रक्रिया कई महीनों तक कैसे जारी रही और रिकॉर्ड में इस बदलाव की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक क्यों नहीं पहुंची।





