Shahdol Ganja Smuggling: शहडोल में ट्रक से 735 किलो गांजा जब्त, 1.13 करोड़ का माल बरामद; यूपी-झारखंड के 2 आरोपी गिरफ्तार

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया है। जयसिंहनगर पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक से 735 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे की कीमत करीब 73 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक की कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त गांजे और ट्रक की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 13 लाख 50 हजार रुपये है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश और झारखंड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ट्रक की बॉडी में बनाया था गुप्त चैंबर
पुलिस के मुताबिक, गांजे की खेप ओडिशा के संबलपुर से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। आरोप है कि तस्करों ने ट्रक की बॉडी में बदलाव कर एक गुप्त चैंबर बनाया था, जिसमें गांजा छिपाकर रखा गया था। बताया गया है कि ट्रक को छत्तीसगढ़ के पेंड्रा की ओर से आगे जाना था, लेकिन नो एंट्री के कारण चालक ने मरवाही, कोतमा और अनूपपुर होते हुए शहडोल का रास्ता चुना।
पुलिस को देखकर भागने लगा चालक
नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जयसिंहनगर पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, चालक ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन नाकाबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान 18 बोरियों में रखे 81 पैकेटों से कुल 735 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
यूपी और झारखंड के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रक चालक राहुल विश्वकर्मा, निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश और खलासी नारायण मंडल, निवासी गिरिडीह, झारखंड को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।





