उज्जैन में 16 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप का आरोप, पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का दावा; 2 आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन। उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि पांच लड़कों ने नाबालिग को पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य नाबालिग आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग 26 सितंबर को घर से लापता हुई थी। परिजनों ने तलाश के बाद 28 सितंबर को चिमनगंज थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 30 सितंबर को नाबालिग घर लौटी और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में कुल पांच आरोपी बताए गए हैं, जिनमें चार नाबालिग और एक बालिग है। पुलिस ने जीवाजीगंज क्षेत्र से एक नाबालिग आरोपी को पकड़ा है। पूछताछ के बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। वहीं 19 वर्षीय लक्की, निवासी महावीर नगर, को भी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एएसपी आलोक शर्मा के मुताबिक, मामले में तीन अन्य नाबालिग आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।





