Ujjain Girls Hostel News: फसल कटाई के दौरान उड़ी धूल और गंध से 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की आशंका, अस्पताल में भर्ती, जांच के आदेश

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की खाचरोद तहसील के चांपाखेड़ा गांव स्थित शासकीय बालिका छात्रावास में अचानक 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। छात्राओं को एक के बाद एक चक्कर आने, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। सभी छात्राओं को तत्काल खाचरोद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छात्रावास के पास खेत में चिरायता की फसल की कटाई के दौरान उड़ी धूल और गंध के कारण छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की आशंका है। फिलहाल सभी छात्राओं की हालत स्थिर है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
छात्रावास के पास चल रही थी चिरायता की फसल की कटाई
मिली जानकारी के मुताबिक, शासकीय बालिका छात्रावास के पास स्थित एक खेत में किसान द्वारा चिरायता की फसल की कटाई की जा रही थी।
कटाई के दौरान उड़ने वाला भूसा और धूल हवा के साथ छात्रावास तक पहुंच गई। इसी दौरान छात्राओं को चक्कर आने, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी।
देखते ही देखते 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिससे छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस वाहनों और एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस, डायल-112 और पुलिस वाहनों की मदद से सभी छात्राओं को खाचरोद के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने तत्काल छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार शुरू किया। घटना की जानकारी मिलने पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।
सभी छात्राओं की हालत खतरे से बाहर
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. संजीव कुमरावत ने बताया कि सभी छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार दिया गया है।
फिलहाल सभी छात्राओं की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। चिकित्सकों की निगरानी में छात्राओं को अस्पताल में रखा गया है।
प्रशासन ने दिए घटना की जांच के आदेश
एक साथ 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
थाना प्रभारी धन सिंह नलवाया द्वारा घटना के कारणों की जांच-पड़ताल की जा रही है। छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





