उमंग सिंघार का BJP और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला, बोले- 13 करोड़ वोटों का हिसाब दें ज्ञानेश कुमार

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। भोपाल में मीडिया से चर्चा के दौरान सिंघार ने दावा किया कि देश में लोकतंत्र और संविधान की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ‘वोट चोरी’ का खेल कर रही है और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
‘13 करोड़ वोट कहां गए’, चुनाव आयोग से मांगा जवाब
उमंग सिंघार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से सवाल करते हुए कहा कि देश की जनता को यह बताया जाना चाहिए कि 13 करोड़ वोट आखिर कहां चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों को सार्वजनिक करने में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है।
सिंघार ने मांग की कि चुनाव आयोग पूरी मतदाता सूची को अपने आधिकारिक पोर्टल पर सार्वजनिक करे, ताकि आम नागरिक अपने साथ-साथ अपने क्षेत्र के मतदाताओं के नाम भी आसानी से देख सकें।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि यदि मतदाता सूचियों को लेकर पारदर्शिता नहीं बरती गई तो आगामी 2028 के विधानसभा चुनावों को लेकर भी सवाल खड़े होंगे। उन्होंने दावा किया कि इसी तरह की प्रक्रिया के जरिए भविष्य के चुनावों में भी ‘वोट चोरी’ की तैयारी की जा रही है।
पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों का मुद्दा उठाया
उमंग सिंघार ने देश में पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश की आधी से अधिक आबादी की आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनके सवालों और मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
सिंघार ने आरोप लगाया कि पिछड़े वर्गों को उनका उचित आरक्षण और अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उसमें देश की जनता उनके साथ मजबूती से खड़ी है।





