Barkatullah University Result Error: बीकॉम सेकंड ईयर के 65 छात्रों को मिले जीरो अंक, परीक्षा देने वाली छात्रा को बताया अनुपस्थित, रजिस्ट्रार ने दिया सुधार का आश्वासन

भोपाल। राजधानी भोपाल की बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के परीक्षा परिणामों में एक बार फिर बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। बीकॉम सेकंड ईयर के करीब 200 विद्यार्थियों में से 65 को बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय में शून्य अंक मिले हैं। इतना ही नहीं, चारों प्रश्नपत्रों की परीक्षा देने वाली एक छात्रा को सभी विषयों में अनुपस्थित दर्शाया गया है। कई अन्य विद्यार्थियों के नाम और प्राप्तांकों में भी त्रुटियां सामने आई हैं। नाराज विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को लिखित शिकायत सौंपकर परीक्षा परिणाम में तत्काल सुधार करने की मांग की है।
200 में से 65 विद्यार्थियों को मिले जीरो अंक
विद्यार्थियों का आरोप है कि बीकॉम द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई है। करीब 200 विद्यार्थियों में से 65 को बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय में शून्य अंक दिए गए हैं।
वहीं, साक्षी नाम की छात्रा ने चारों प्रश्नपत्रों की परीक्षा दी थी, लेकिन उसके परीक्षा परिणाम में उसे सभी विषयों में अनुपस्थित बताया गया है। इसके अलावा कई विद्यार्थियों के नामों की वर्तनी और प्राप्तांकों में भी त्रुटियां मिली हैं।
एक दिसंबर तक भरना है सप्लीमेंट्री परीक्षा का फॉर्म
परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी के चलते विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है। दरअसल, सप्लीमेंट्री परीक्षा का फॉर्म भरने की अंतिम तारीख एक दिसंबर है।
विद्यार्थियों को आशंका है कि यदि निर्धारित समय से पहले परीक्षा परिणाम में सुधार नहीं हुआ तो उनका शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है।
नाराज विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को लिखित शिकायत सौंपकर उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच कराने और परीक्षा परिणाम में हुई त्रुटियों को तत्काल दूर करने की मांग की है।
रजिस्ट्रार बोले- सप्लीमेंट्री परीक्षा का फॉर्म भरने की जरूरत नहीं
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार समर बहादुर सिंह ने विद्यार्थियों को राहत देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम में हुई गड़बड़ी को गुरुवार को ही सुधार लिया जाएगा।
रजिस्ट्रार ने स्पष्ट किया कि इस त्रुटि से प्रभावित विद्यार्थियों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें सप्लीमेंट्री परीक्षा का फॉर्म भी नहीं भरना होगा।
हालांकि, परीक्षा परिणाम में इतने बड़े स्तर पर गड़बड़ी कैसे हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है।





