PM Modi Constitution Day: पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है विपक्षी पार्टी

PM Modi Constitution Day: पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है विपक्षी पार्टी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर ब्लॉग लिखकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान निर्माता, विशेष रूप से डॉ. भीमराव आंबेडकर, धर्म के आधार पर आरक्षण देने के खिलाफ थे। पीएम मोदी ने महिला आरक्षण, नक्सलवाद, संविधान संशोधन और आपातकाल का जिक्र करते हुए भी विपक्ष पर सवाल उठाए।

महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को रोकना महिलाओं का अपमान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े विधेयक का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के एक प्रमुख राजनीतिक दल ने महिलाओं को आरक्षण देने से संबंधित विधेयक को पारित नहीं होने दिया।

मोदी ने लिखा कि इस साल की शुरुआत में जो कुछ हुआ, उसने हम सभी को शर्मसार कर दिया। संविधान की यात्रा उन महिलाओं को याद किए बिना पूरी नहीं हो सकती, जिन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

प्रधानमंत्री ने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उन्हें न्याय दिलाने के सरकार के संकल्प को दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।

नक्सलवाद ने गरीबों को संवैधानिक अधिकारों से दूर रखा

प्रधानमंत्री ने अपने ब्लॉग में नक्सलवाद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दशकों तक देश के कई हिस्सों, विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलियों ने बंदूक के दम पर गरीबों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा।

मोदी ने कहा कि इस साल नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें विशेष संतोष मिला है।

पहले और 42वें संविधान संशोधन को लेकर उठाए सवाल

प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए तत्कालीन सरकारों पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि पहले संविधान संशोधन के जरिए नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता को प्रभावित किया गया था। उस समय अंतरिम संसद ने अपने बहुमत का इस्तेमाल करके यह संशोधन किया था।

मोदी ने कहा कि आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्तियों को सीमित किया और संवैधानिक संस्थाओं के बीच शक्तियों के संतुलन को प्रभावित किया।

अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस पर निशाना

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए बार-बार संविधान के अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल किया।

उन्होंने दावा किया कि एक राजनीतिक दल के नाम करीब 100 बार इस अनुच्छेद का इस्तेमाल करने का रिकॉर्ड है।

संविधान का अपडेटेड संस्करण 22 भाषाओं में उपलब्ध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वर्ष 1950 के बाद पहली बार भारतीय संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से संविधान आम नागरिकों के और करीब पहुंचा है।

प्रधानमंत्री ने भारतीय न्याय संहिता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी देश में अंग्रेजों के समय की दंड संहिता लागू थी। भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से आपराधिक न्याय व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

मोदी के अनुसार, पुरानी व्यवस्था में दंड पर जोर दिया जाता था, जबकि नई व्यवस्था में नागरिकों और न्याय को प्राथमिकता दी गई है।

लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने की तैयारी

केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ी व्यवस्था के तहत लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की तैयारी कर रही है।

इससे पहले 15 से 17 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया था। इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित विधेयकों पर चर्चा हुई थी। हालांकि, आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सके थे।

लोकसभा में मतदान के दौरान कुल 528 सांसदों ने वोट डाले थे। इनमें 298 सांसदों ने विधेयक के पक्ष में और 230 सांसदों ने विरोध में मतदान किया था। विधेयक पारित कराने के लिए 352 वोटों की आवश्यकता थी। इस तरह आवश्यक बहुमत से 54 वोट कम रह गए थे।

15 दिसंबर से पहले संसद सत्र बुलाने की तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों से 15 दिसंबर से पहले संसद के आगामी सत्र की तैयारियां पूरी करने को कहा है।

बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को संसद सत्र से पहले विदेश यात्राओं से बचने की सलाह भी दी।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, प्रधानमंत्री चाहते हैं कि संसद का आगामी सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जाए। हालांकि, सत्र की तारीख और अवधि को लेकर अंतिम निर्णय संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति करेगी।

प्रधानमंत्री के ब्लॉग में लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →
PM Modi Constitution Day: पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है विपक्षी पार्टी