MP National Lok Adalat 2026: बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत का बड़ा मौका, 12 दिसंबर को लगेगी नेशनल लोक अदालत, 10 लाख तक के बिजली चोरी के मामलों में होगा समझौता

भोपाल। मध्य प्रदेश में बिजली चोरी और विद्युत संबंधी अनियमितताओं के लंबित मामलों के निराकरण के लिए उपभोक्ताओं को बड़ा मौका मिलने जा रहा है। प्रदेश में 12 दिसंबर 2026 को शनिवार के दिन नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें बिजली चोरी के लंबित प्रकरणों का समझौते के माध्यम से निराकरण किया जाएगा। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने पात्र उपभोक्ताओं को आकलित सिविल दायित्व की राशि पर 30 प्रतिशत तक और ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 10 लाख रुपए तक की आकलित सिविल दायित्व राशि वाले प्रकरणों में मिलेगी।
इन उपभोक्ताओं को मिलेगा छूट का लाभ
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के अंतर्गत बिजली चोरी के लंबित और विशेष न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों का निराकरण नेशनल लोक अदालत में किया जाएगा।
इसके तहत निम्नदाब श्रेणी के सभी घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं, पांच किलोवॉट तक के गैर घरेलू उपभोक्ताओं तथा 10 अश्व शक्ति तक के औद्योगिक उपभोक्ताओं को निर्धारित शर्तों के तहत छूट का लाभ दिया जाएगा।
प्रि-लिटिगेशन स्तर पर मिलेगी 30 प्रतिशत छूट
ऐसे प्रकरण जो अभी न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, उनमें विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आकलित सिविल दायित्व की राशि पर 30 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
इसके अलावा आकलित राशि का समय पर भुगतान नहीं करने पर निर्धारण आदेश जारी होने की तारीख से 30 दिन की अवधि समाप्त होने के बाद लगने वाले ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।
यह ब्याज प्रत्येक छमाही चक्रवृद्धि आधार पर 16 प्रतिशत वार्षिक दर से लगाया जाता है।
न्यायालय में लंबित मामलों में मिलेगी 20 प्रतिशत छूट
लिटिगेशन स्तर यानी न्यायालय में विचाराधीन प्रकरणों में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आकलित सिविल दायित्व की राशि पर 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
इसके साथ ही निर्धारित समय पर राशि का भुगतान नहीं करने के कारण लगाए गए ब्याज पर भी 100 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
10 लाख रुपए तक के प्रकरणों में मिलेगी सुविधा
विद्युत वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि नेशनल लोक अदालत में छूट का लाभ निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत ही दिया जाएगा।
यह सुविधा केवल उन प्रकरणों में मिलेगी, जिनमें आकलित सिविल दायित्व की राशि 10 लाख रुपए तक है।
खास बात यह है कि छूट की यह व्यवस्था केवल 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में समझौता करने के लिए ही लागू रहेगी।
संबंधित बिजली कार्यालय में करें संपर्क
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बिजली चोरी के लंबित प्रकरणों और विशेष न्यायालयों में विचाराधीन मामलों से संबंधित उपभोक्ताओं एवं बिजली उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं।
उपभोक्ता आगे की कानूनी कार्रवाई से बचने और अपने प्रकरण का समझौते के माध्यम से निराकरण कराने के लिए संबंधित बिजली कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।





