Bhopal Fire News: बड़वई में कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग, पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार, छह घंटे में पाया काबू

Bhopal Fire News: बड़वई में कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग, पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार, छह घंटे में पाया काबू

भोपाल। राजधानी भोपाल के बड़वई इलाके में रविवार सुबह करीब नौ बजे कबाड़ के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में कई टन प्लास्टिक और पुट्ठा भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग से उठता धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही गांधीनगर और कबाड़खाना समेत अलग-अलग स्थानों से दमकलें मौके पर पहुंचीं। तीन दमकलों की मदद से करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

पानी और फोम की मदद से बुझाई आग

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और पुट्ठा रखा होने के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

फायर फाइटर पंकज यादव समेत अन्य दमकलकर्मी लगातार छह घंटे तक आग बुझाने में जुटे रहे। पानी के साथ फोम का इस्तेमाल कर आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार

गोदाम में प्लास्टिक जलने के कारण बड़ी मात्रा में धुआं उठने लगा। धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था।

गोदाम गांव से सटा होने के कारण आसपास के क्षेत्र में आग फैलने का खतरा बना हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में दमकलकर्मियों की मदद की।

गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में सामान जला

दमकलकर्मियों के मुताबिक गोदाम में प्लास्टिक और पुट्ठे की अधिक मात्रा होने के कारण पानी डालने के बावजूद अंदर रखा सामान लगातार सुलग रहा था। इसके चलते आग बुझाने के लिए फोम का भी इस्तेमाल करना पड़ा।

घटना में गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कबाड़ जल गया है, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान का आकलन अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल सका है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →