Katni Navodaya School Admission Fraud: नवोदय विद्यालय में एडमिशन के नाम पर भाजपा नेता पर 50 हजार रुपए मांगने का आरोप, किसान ने पुलिस को सौंपा बातचीत का ऑडियो

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय में एडमिशन कराने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। झिंझरी गांव के किसान महेश पटेल ने भाजपा नेता खेमचंद यादव पर बेटे का छठवीं कक्षा में दाखिला कराने के लिए 50 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया है। किसान का कहना है कि उसने पत्नी के गहने गिरवी रखकर 40 हजार रुपए दिए, लेकिन न तो बेटे का एडमिशन हुआ और न ही रकम वापस मिली। किसान ने पुलिस से शिकायत करते हुए फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग और ऑनलाइन लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। वहीं, भाजपा नेता ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे उधारी के लेन-देन का मामला बताया है।
कोचिंग की तलाश में भाजपा नेता से हुई मुलाकात
कटनी के झिंझरी गांव निवासी किसान महेश पटेल अपने बेटे हरिओम का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बड़वारा के जवाहर नवोदय विद्यालय की छठवीं कक्षा में एडमिशन कराना चाहता था। इसके लिए उसने प्रवेश परीक्षा का आवेदन भरने के बाद अच्छी कोचिंग की तलाश शुरू की थी।
महेश के मुताबिक नवंबर 2025 में बड़वारा के हाट बाजार में उसकी मुलाकात भाजपा नेता खेमचंद यादव से हुई। रोहनिया गांव निवासी खेमचंद बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मीडिया पैनलिस्ट हैं।
किसान का आरोप है कि खेमचंद ने ऊपर तक पहचान होने की बात कहते हुए 50 हजार रुपए में सीधे एडमिशन कराने का भरोसा दिया था। उसने यह भी कहा कि प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने में इससे ज्यादा पैसा खर्च हो जाएगा।
पत्नी के गहने गिरवी रखकर दिए 40 हजार रुपए
महेश पटेल का कहना है कि बेटे के भविष्य की चिंता में वह खेमचंद की बातों में आ गया। पैसों की व्यवस्था नहीं होने पर उसने अपनी पत्नी अंजनी बाई के गहने गिरवी रख दिए।
किसान के मुताबिक 29 दिसंबर 2025 तक उसने अलग-अलग किस्तों में फोन-पे के माध्यम से कुल 40 हजार रुपए दिए। कुछ रकम खेमचंद यादव के मोबाइल नंबर पर और कुछ उसके दोस्त अनिल कुमार रजक के खाते में भेजी गई थी।
महेश ने इन ऑनलाइन लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
फोन पर बातचीत में पांच हजार रुपए और मांगने का जिक्र
महेश पटेल ने पुलिस को खेमचंद यादव के साथ फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। कथित ऑडियो में खेमचंद पांच हजार रुपए की अतिरिक्त मांग होने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।
बातचीत में महेश अपनी आर्थिक परेशानी बताते हुए कहता है कि उसने अपने साले से 30 हजार रुपए का कर्ज लिया है। धान की रकम भी बिजली बिल में खर्च हो गई है। ऐसे में उसके पास पैसे की व्यवस्था नहीं हो पा रही है।
कथित ऑडियो में खेमचंद अपने खाते में तीन हजार रुपए होने की बात कहते हुए महेश से दो हजार रुपए भेजने को कहते हैं। हालांकि, इस ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
रिजल्ट आया तो चयन सूची में नहीं था बेटे का नाम
जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा 13 दिसंबर 2025 को आयोजित हुई थी। परीक्षा का परिणाम आने के बाद चयनित विद्यार्थियों की सूची में महेश के बेटे हरिओम का नाम नहीं था।
महेश का आरोप है कि जब उसने खेमचंद से इस संबंध में बात की तो उसने इस बार व्यवस्था नहीं हो पाने की बात कही।
इसके बाद किसान ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि खेमचंद ने कुछ दिनों में पैसे लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में टालमटोल करने लगा। परेशान होकर महेश ने पुलिस से शिकायत की है।
भाजपा नेता की सफाई- उधारी का था लेन-देन
खेमचंद यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने भी 27 नवंबर को बड़वारा थाने में शिकायत का आवेदन दिया है।
खेमचंद का कहना है कि वर्ष 2025 में महेश पटेल ने उनसे 30 हजार रुपए नकद उधार लिए थे। इसी रकम को लौटाने के लिए महेश ने कुछ पैसे उनके खाते में और कुछ उनके दोस्त अनिल कुमार रजक के खाते में भेजे थे।
खेमचंद के मुताबिक आपसी जान-पहचान के कारण उनके बीच पैसों का लेन-देन होता रहता था। उन्होंने भी महेश से 15 हजार रुपए उधार लिए थे, जिन्हें वापस कर दिया गया था।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि महेश अब ब्याज की मांग कर रहा है और पैसे नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- गलत करने वाले पर हो कार्रवाई
मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने कहा कि गलत काम करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह किसी भी संगठन का पदाधिकारी या कार्यकर्ता हो।
उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस इस मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगी।
प्राचार्य बोले- जुगाड़ से नहीं होता नवोदय विद्यालय में एडमिशन
बड़वारा जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य प्रेम प्रकाश ने कहा कि विद्यालय में एडमिशन के लिए किसी तरह की राशि नहीं ली जाती है। किसी की सिफारिश, जुगाड़ या नकल के माध्यम से प्रवेश संभव नहीं है।
फिलहाल दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है। किसान के आरोपों और भाजपा नेता की सफाई के बीच मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





