Women Reservation Bill: महिला आरक्षण के समर्थन में उतरीं कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे, बोलीं- महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी के लिए आरक्षण जरूरी, केंद्र की शर्तों पर जताई आपत्ति

बालाघाट। महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर देश में सियासत तेज हो गई है। केंद्र सरकार के प्रस्तावों पर कांग्रेस की आपत्ति के बीच मध्य प्रदेश के बालाघाट से कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने महिला आरक्षण का समर्थन किया है। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने और राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए आरक्षण को जरूरी बताया है। हालांकि, उन्होंने केंद्र सरकार की शर्तों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पार्टी की गाइडलाइन पर चलना उनकी जिम्मेदारी है।
महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए आरक्षण जरूरी
मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि यह एक संवेदनशील विषय है। इस पर पार्टी के वरिष्ठ नेता अपनी बात रखें तो ज्यादा बेहतर होगा।
उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी की सिपाही हूं और पार्टी की गाइडलाइन पर चलना मेरी जिम्मेदारी है। जहां तक महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण की बात है तो मेरा मानना है कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए राजनीतिक क्षेत्र में आरक्षण जरूरी है।
केंद्र सरकार की शर्तों पर जताई आपत्ति
महिला आरक्षण का खुलकर समर्थन करने के सवाल पर अनुभा मुंजारे ने कहा कि इस विषय पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मापदंड तय कर अपनी बात रख रहे हैं। हालांकि, महिलाओं को आरक्षण देने के मुद्दे पर वह स्पष्ट रूप से अपनी बात कह रही हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जिन शर्तों के साथ महिला आरक्षण का प्रस्ताव ला रही है, उनसे कहीं न कहीं कांग्रेस को राजनीतिक नुकसान हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इन शर्तों से सत्तारूढ़ दल को राजनीतिक फायदा मिलेगा।
मुंजारे ने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार की भावना साफ होती तो महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया अब तक आगे बढ़ चुकी होती।
महिला आरक्षण का समर्थन लेकिन शर्तों से असहमति
अनुभा मुंजारे के बयान के बाद मध्य प्रदेश में महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो सकती है। उन्होंने एक ओर महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की वकालत की है तो दूसरी ओर केंद्र सरकार के प्रस्ताव की शर्तों पर सवाल उठाए हैं।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह पार्टी की गाइडलाइन का पालन करेंगी।
परिसीमन के विरोध पर कांग्रेस को घेरा मंत्री राकेश सिंह ने
इधर, मध्य प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने परिसीमन के विरोध को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देशहित के बजाय अपने राजनीतिक स्वार्थ और संभावित चुनावी नुकसान को ध्यान में रखकर परिसीमन का विरोध कर रही है।
राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस को परिसीमन से होने वाले राजनीतिक नुकसान की चिंता है। उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने और निजी राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने का आरोप भी लगाया।





