Kamal Nath on Delimitation Bill: परिसीमन बिल के खिलाफ कमलनाथ ने खोला मोर्चा, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप, सभी सांसदों से संसद में विरोध करने की अपील

Kamal Nath on Delimitation Bill: परिसीमन बिल के खिलाफ कमलनाथ ने खोला मोर्चा, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप, सभी सांसदों से संसद में विरोध करने की अपील

भोपाल। परिसीमन विधेयक को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए परिसीमन बिल का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा कर भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए हैं। साथ ही देश के सभी राजनीतिक दलों के सांसदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर संसद में इस विधेयक का विरोध करने की अपील की है।

लोकसभा सीटों का नक्शा बदलने की साजिश का लगाया आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूरे देश के सामने परिसीमन बिल के पीछे की कथित साजिश को उजागर कर दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नए परिसीमन के जरिए भाजपा लोकसभा सीटों का नक्शा इस तरह तैयार कराना चाहती है, जिससे उसके विरोधी दलों और मतदाताओं के वोट निष्प्रभावी हो जाएं।

कमलनाथ ने इसे भारतीय लोकतंत्र पर सीधा हमला करार देते हुए देश के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से इसके खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया है।

बिल का विरोध करना हर सच्चे भारतीय का फर्ज

कमलनाथ ने परिसीमन के मुद्दे को राष्ट्रीय और लोकतांत्रिक हितों से जोड़ते हुए कहा कि इस विधेयक का विरोध करना हर सच्चे भारतीय का फर्ज है।

उन्होंने देश के सभी सांसदों से आग्रह किया कि वे अपने राजनीतिक दलों के हितों से ऊपर उठकर संसद में इस विधेयक का विरोध करें।

परिसीमन को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने

परिसीमन विधेयक को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस जहां प्रस्तावित परिसीमन की प्रक्रिया और उसके संभावित राजनीतिक प्रभावों पर सवाल उठा रही है, वहीं कमलनाथ ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की मंशा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

हालांकि, कमलनाथ के इन आरोपों पर भाजपा की प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →