Bhopal Crime: किसान पर जानलेवा हमले का खुलासा, जमीन विवाद में 50 हजार की सुपारी; 5 गिरफ्तार

भोपाल। नजीराबाद थाना पुलिस ने रुनाहा जोड़ के पास रतनपुर रोड पर किसान इंदल सिंह गुर्जर पर हुए जानलेवा हमले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, किसान पर हमला जमीन से जुड़े विवाद के चलते 50 हजार रुपए की सुपारी देकर कराया गया था। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने एक कार किराए पर ली थी। पहचान छिपाने के लिए कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगा दी गई थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 21 हजार रुपए नकद, चार लोहे की रॉड और वारदात में इस्तेमाल सफेद कार बरामद की है।
रास्ता पूछने के बहाने किसान को रोका, फिर हमला
पुलिस के अनुसार ग्राम बिजावन खुर्द निवासी इंदल सिंह गुर्जर ने 8 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
रुनाहा जोड़ के पास रतनपुर रोड पर एक सफेद कार में सवार चार लोगों ने उन्हें रास्ता पूछने के बहाने रोक लिया। जैसे ही इंदल सिंह रुके, कार से उतरे आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया।
हमले में किसान के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और कई जगह फ्रैक्चर हुए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें बनाई थीं। टीमों ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के संभावित आने-जाने वाले रास्तों तक 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
इसके साथ ही साइबर शाखा की मदद से तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को वारदात में इस्तेमाल सफेद टोयोटा कार के बारे में सुराग मिला। कार की पहचान होने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
बस स्टैंड पर बुलाया, फिर रास्ते में घेरकर पीटा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले इंदल सिंह को उनकी मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए रुनाहा बस स्टैंड पर मिलने के बहाने बुलाया था।
इसके बाद जब वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तो आरोपियों ने कार से उनका पीछा किया और रतनपुर रोड पर रास्ते में रोककर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार कार में चार लोग सवार थे, जबकि मुख्य आरोपी फोन के जरिए हमलावरों को लगातार निर्देश दे रहा था।
तीन साल पुराने प्लॉट विवाद से जुड़ी साजिश
पुलिस के मुताबिक, इस हमले की कथित साजिश के पीछे हाकम सिंह गुर्जर का इंदल सिंह से चल रहा जमीन विवाद सामने आया है।
पूछताछ में हाकम सिंह ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले इंदल सिंह को एक प्लॉट दिया गया था। आरोप है कि बाद में इंदल सिंह प्लॉट की रसीद दिखाकर दोबारा प्लॉट देने की मांग कर रहा था। इसी विवाद को लेकर कथित तौर पर हमला कराने की योजना बनाई गई।
पुलिस के अनुसार इसी साजिश के तहत हमलावरों को 50 हजार रुपए की सुपारी दी गई थी।
पांच आरोपी गिरफ्तार, दो अभी फरार
पुलिस ने मामले में हाकम सिंह गुर्जर (32), प्रद्युम्न गुर्जर (27), दीपक लोधी (22), धनवीर उर्फ संजय विश्वकर्मा (21) और रामवीर लोधी (24) को गिरफ्तार किया है। वहीं जितेंद्र श्रीवास्तव (42) और विशाल गुर्जर (23) अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 21 हजार रुपए नकद, चार लोहे की रॉड और वारदात में इस्तेमाल सफेद कार जब्त की है। मामले में आगे की जांच जारी है।




