PC Sharma FIR: भोपाल में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कूटरचित वीडियो फेसबुक पर पोस्ट करने का आरोप

PC Sharma FIR: भोपाल में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कूटरचित वीडियो फेसबुक पर पोस्ट करने का आरोप

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के खिलाफ भोपाल क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज की है। शर्मा पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित कूटरचित वीडियो फेसबुक पर साझा करने का आरोप है। भाजपा की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाजपा का आरोप है कि मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर नितिन नवीन के बयान का अर्थ बदलने और जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी से की थी शिकायत

इस मामले में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने क्राइम एवं साइबर डीसीपी अखिल पटेल से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी थी।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया था कि पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के फेसबुक अकाउंट से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित कूटरचित वीडियो प्रसारित किया गया है। इसके जरिए उनके मूल बयान का गलत अर्थ प्रचारित करने और जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई।

भाजपा ने शिकायत के साथ मूल वीडियो भी उपलब्ध कराया था और पीसी शर्मा के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की थी।

पाकिस्तान और चीन से जुड़े बयान को लेकर विवाद

क्राइम ब्रांच के मुताबिक पिपलानी के छत्रसाल नगर फेस-2 निवासी 57 वर्षीय संतोष वर्मा ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार कथित रूप से संपादित वीडियो में नितिन नवीन को चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम में यह कहते हुए दिखाया गया है कि पाकिस्तान के मंत्री प्रतिनिधिमंडल के रूप में भारत आ रहे हैं और यह निर्णय चीन के दबाव में लिया गया है।

भाजपा का आरोप है कि मूल वक्तव्य के साथ छेड़छाड़ कर वीडियो को इस तरह तैयार किया गया, जिससे बयान का अर्थ बदल जाए और लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुई एफआईआर

शिकायत और उपलब्ध कराए गए वीडियो की प्रारंभिक जांच के बाद भोपाल क्राइम ब्रांच ने पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के खिलाफ निम्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

  • भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4)

  • भारतीय न्याय संहिता की धारा 340(2)

  • भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(1)(बी)

  • आईटी एक्ट की धारा 66

मूल और कथित एडिटेड वीडियो का मिलान करेगी पुलिस

क्राइम ब्रांच अब नितिन नवीन के मूल वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित एडिटेड वीडियो का मिलान कर रही है। इसके साथ ही वीडियो में कथित छेड़छाड़ और उसके प्रसारण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वीडियो के साथ किस स्तर पर छेड़छाड़ हुई और इसमें किसकी भूमिका थी।

फिलहाल इस मामले में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →
PC Sharma FIR: भोपाल में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कूटरचित वीडियो फेसबुक पर पोस्ट करने का आरोप