Jitu Patwari Indore Protest: इंदौर में आज खुद सब्जी की दुकान लगाएंगे जीतू पटवारी, फूटी कोठी ब्रिज के नीचे मंडी हटाने की कार्रवाई का करेंगे विरोध

Jitu Patwari Indore Protest: इंदौर में आज खुद सब्जी की दुकान लगाएंगे जीतू पटवारी, फूटी कोठी ब्रिज के नीचे मंडी हटाने की कार्रवाई का करेंगे विरोध

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में फूटी कोठी ब्रिज के नीचे से सब्जी मंडी हटाने की कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज शुक्रवार को सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में खुद सब्जी की दुकान लगाएंगे। पटवारी ने शाम 4 बजे फूटी कोठी स्थित संत सेवालाल ब्रिज के नीचे पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ मंडी दोबारा शुरू करवाने का ऐलान किया है। वहीं, नगर निगम यातायात व्यवस्था और विकास कार्यों का हवाला देकर मंडी को दूसरी जगह शिफ्ट करने की बात कह रहा है।

नगर निगम की कार्रवाई के बाद शुरू हुआ विवाद

दरअसल, हाल ही में इंदौर नगर निगम ने फूटी कोठी ब्रिज के नीचे संचालित सब्जी मंडी को हटाने की कार्रवाई की थी। इसके बाद से सब्जी विक्रेताओं और कांग्रेस की ओर से लगातार विरोध किया जा रहा है।

कांग्रेस का कहना है कि इस स्थान पर करीब 30 वर्षों से सब्जी मंडी लग रही है। मंडी हटाने से यहां कारोबार करने वाले सब्जी विक्रेताओं की आजीविका प्रभावित होगी।

शाम 4 बजे खुद सब्जी बेचेंगे जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में मैदान में उतरने का ऐलान किया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक पटवारी शुक्रवार शाम 4 बजे फूटी कोठी ब्रिज पहुंचेंगे।

यहां वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करेंगे। इस दौरान पटवारी खुद सब्जी की दुकान लगाकर विक्रेताओं की मांग का समर्थन करेंगे।

कांग्रेस बोली- नहीं छीनने देंगे गरीबों की रोजी-रोटी

कांग्रेस का कहना है कि वर्षों से इस स्थान पर कारोबार कर रहे सब्जी विक्रेताओं की रोजी-रोटी नहीं छीनने दी जाएगी। पार्टी ने फूटी कोठी ब्रिज के नीचे दोबारा सब्जी मंडी शुरू करवाने की मांग की है।

नगर निगम ने दिया यातायात और विकास कार्यों का हवाला

वहीं, नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यातायात की समस्या दूर करने और ब्रिज के नीचे खेल गतिविधियों तथा पार्किंग की व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से सब्जी मंडी को हटाया जा रहा है।

सब्जी विक्रेताओं के लिए चंदन नगर के पास वैकल्पिक स्थान पर मंडी शिफ्ट करने की योजना है।

अब नगर निगम के अगले कदम पर नजर

एक ओर नगर निगम यातायात और विकास कार्यों का हवाला देकर मंडी शिफ्ट करने की बात कह रहा है, तो दूसरी ओर कांग्रेस पुराने स्थान पर ही मंडी संचालित करने की मांग पर अड़ी है।

जीतू पटवारी के प्रदर्शन के ऐलान के बाद अब नजर नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के अगले कदम पर है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →