Sanchi Mahabodhi Mahotsav 2026: सांची में 28 नवंबर से महाबोधि महोत्सव, 74 साल में पहली बार एक ही वर्ष में दूसरी बार तहखाने से निकलेंगे भगवान बुद्ध के शिष्यों के अस्थि कलश

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में स्थित यूनेस्को की विश्व धरोहर सांची में 28 नवंबर से दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव का शुभारंभ होगा। महोत्सव के दौरान भगवान गौतम बुद्ध के दो परम शिष्यों सारिपुत्र और महामोद्गल्यायन के पवित्र अस्थि कलश तहखाने से निकालकर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखे जाएंगे। वर्ष 1952 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने इन अस्थि कलशों की स्थापना कराई थी। स्थापना के बाद 74 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब एक ही वर्ष में दूसरी बार अस्थि कलश तहखाने से बाहर निकाले जाएंगे। महोत्सव में भारत सहित कई देशों के बौद्ध अनुयायी शामिल होंगे।
मई में मंगोलिया भेजे गए थे अस्थि कलश
आमतौर पर सांची में हर साल नवंबर में आयोजित महाबोधि महोत्सव के दौरान ही पवित्र अस्थि कलश तहखाने से बाहर निकाले जाते हैं। हालांकि, इस वर्ष 28 मई को अस्थि कलश मंगोलिया भेजे गए थे, जहां से करीब एक महीने बाद जून में इन्हें वापस सांची लाया गया था।
अब महाबोधि महोत्सव के अवसर पर इन्हें दूसरी बार तहखाने से बाहर निकाला जाएगा। अब तक सांची से दो बार पवित्र अस्थि कलश विदेश भेजे जा चुके हैं। इनमें थाईलैंड और मंगोलिया शामिल हैं।
ब्रिटेन से वापस लाई गई थीं भगवान बुद्ध के शिष्यों की अस्थियां
महाबोधि सोसायटी के तपस्वी स्वामी के अनुसार वर्ष 1818 में एक ब्रिटिश अधिकारी ने सांची के स्तूपों की खोज की थी। वर्ष 1851 में जनरल कनिंघम और कैप्टन मैसी ने सांची और सतधारा के स्तूपों से भगवान बुद्ध के परम शिष्यों की अस्थियां निकाली थीं। इन्हें इंग्लैंड ले जाकर विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूजियम में रखा गया था।
वर्ष 1936 में श्रीलंका की महाबोधि सोसायटी ने इन पवित्र अवशेषों को भारत वापस लाने के प्रयास शुरू किए। भोपाल के तत्कालीन नवाब और महाबोधि सोसायटी के प्रयासों से अस्थियां भारत वापस लाई गईं। इसके बाद सांची में चेतियागिरि विहार का निर्माण कराया गया।
पंडित जवाहरलाल नेहरू ने की थी महोत्सव की शुरुआत
महाबोधि सोसायटी के प्रमुख वानगल उपतिस्स नायक थेरो ने बताया कि 30 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने सांची में पवित्र अस्थि कलशों की स्थापना कराई थी।
उन्होंने हर साल दो दिन के लिए अस्थि कलश श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए बाहर निकालने की परंपरा शुरू करने की बात कही थी। तभी से नवंबर में महाबोधि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
शुरुआती वर्षों में सीमित सुविधाओं के बीच छोटे स्तर पर महोत्सव का आयोजन होता था। समय के साथ इसका स्वरूप व्यापक होता गया और अब इसमें कई देशों के बौद्ध अनुयायी शामिल होते हैं।
सुबह 7 बजे निकलेगी शोभायात्रा, 9 बजे खुलेंगे तहखाने के ताले
महाबोधि महोत्सव के पहले दिन शनिवार को सुबह 7 बजे सांची रेलवे स्टेशन के पास स्थित महाबोधि सोसायटी से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान बुद्ध की प्रतिमा के साथ भारत, जापान, श्रीलंका, वियतनाम, सिंगापुर और थाईलैंड सहित कई देशों के बौद्ध अनुयायी शामिल होंगे।
सुबह 9 बजे प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मंदिर के गर्भगृह का ताला खोलकर तहखाने से पवित्र अस्थि कलश निकाले जाएंगे। बौद्ध अनुयायी अस्थि कलशों को सिर पर रखकर मंदिर तक लाएंगे।
सुबह 10 बजे भोग लगाने के साथ परिक्रमा और विशेष पूजा-अर्चना होगी। दिनभर श्रद्धालु पवित्र अस्थि कलशों के दर्शन कर सकेंगे। शाम 5 बजे निर्धारित धार्मिक प्रक्रिया के तहत अस्थि कलश वापस तहखाने में सुरक्षित रख दिए जाएंगे। रविवार को भी यही प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दिया आमंत्रण
दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी आमंत्रित किया गया है।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के अध्यक्ष वानगल उपतिस्स नायक थेरो और अन्य प्रतिनिधियों के साथ वल्लभ भवन में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आमंत्रण पत्र सौंपा।
विदेशी कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
जिला प्रशासन और महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के सहयोग से आयोजित महोत्सव में बौद्ध दर्शन, कला, संगीत, नृत्य और साहित्य का संगम देखने को मिलेगा।
श्रीलंका और जापान के कलाकार विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। रविवार को भगवान गौतम बुद्ध के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।
सुरक्षा में तैनात रहेंगे 275 पुलिस जवान
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के मुताबिक महोत्सव के दौरान 275 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। सांची में पांच पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी पांच अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
विदिशा से आने वाले वाहनों के लिए विदिशा रोड पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। भोपाल और रायसेन से आने वाले वाहनों को जम्मू दीप पार्क के पास स्थित मैदान में खड़ा कराया जाएगा।
एसडीएम मनीष शर्मा ने बताया कि आयोजन को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। अस्पताल में भी अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है।
सम्राट अशोक ने कराया था सांची के मुख्य स्तूप का निर्माण
रायसेन जिले में स्थित सांची के स्तूप राजधानी भोपाल से करीब 46 किलोमीटर और विदिशा से 10 किलोमीटर दूर हैं। तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व में मौर्य सम्राट अशोक ने सांची के मुख्य स्तूप का निर्माण कराया था।
सांची का महान स्तूप भारतीय स्थापत्य और प्राचीन बौद्ध कला का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसके चारों दिशाओं में बने तोरण द्वारों पर भगवान बुद्ध के जीवन, जातक कथाओं और तत्कालीन समाज से जुड़ी झांकियों को उकेरा गया है।
सांची के स्तूपों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है। यहां हर साल बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक और बौद्ध श्रद्धालु पहुंचते हैं।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण करता है स्तूपों का संरक्षण
सांची के ऐतिहासिक स्तूपों के संरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पास है। इसके लिए अलग-अलग टीमें तैनात हैं, जो परिसर की हरियाली, प्राचीन पत्थरों की सफाई और ऐतिहासिक संरचनाओं के संरक्षण का काम करती हैं।
स्तूप परिसर की पहाड़ी के नीचे संग्रहालय और बौद्ध थीम पार्क भी स्थित हैं। सांची के ऐतिहासिक महत्व और भगवान बुद्ध के शिष्यों के पवित्र अवशेषों के कारण महाबोधि महोत्सव का बौद्ध अनुयायियों के बीच विशेष महत्व है।





