Uma Bharti Ticket Controversy: 'टिकट देने की किसकी औकात' वाले बयान पर उमा भारती ने दी सफाई, बोलीं- यह अहंकार नहीं सच्चाई, पार्टी ने हर बार मुझे चुनाव लड़ने के लिए मनाया

Uma Bharti Ticket Controversy: 'टिकट देने की किसकी औकात' वाले बयान पर उमा भारती ने दी सफाई, बोलीं- यह अहंकार नहीं सच्चाई, पार्टी ने हर बार मुझे चुनाव लड़ने के लिए मनाया

भोपाल। लोकसभा चुनाव 2029 में टिकट मिलने के सवाल पर दिए गए बयान को लेकर सियासी हलचल के बीच मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत के दौरान कही गई उनकी बात अहंकार नहीं, बल्कि सच्चाई थी। उमा भारती ने कहा कि पार्टी ने उन्हें कभी टिकट नहीं दिया, बल्कि हर बार चुनाव लड़ने के लिए राजी किया है। उन्होंने चुनाव में टिकट मिलने को चुनाव आयोग के लिए पूरी की जाने वाली एक वैधानिक प्रक्रिया बताया।

ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर दिया था बयान

दरअसल, दो दिन पहले ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत के दौरान पत्रकारों ने उमा भारती से आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट मिलने को लेकर सवाल किया था।

इस पर उमा भारती ने तल्ख लहजे में कहा था कि टिकट देने की किसकी औकात है। चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका फैसला वह खुद करती हैं।

उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी हलकों में तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे थे। अब उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने बयान को लेकर स्थिति स्पष्ट की है।

उमा भारती बोलीं- यह अहंकार नहीं, सच्चाई है

उमा भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अधिकतर नेता सामान्य परिवारों से निकलकर आए हैं। राष्ट्रसेवा के निरंतर तप के माध्यम से उन्होंने जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अपना स्थान बनाया है। इसी आधार पर पार्टी उन्हें जिम्मेदारियां देती गई है।

उन्होंने कहा कि ग्वालियर में मीडिया से बातचीत के दौरान कही गई उनकी बात अहंकार नहीं, बल्कि सच्चाई थी। पार्टी ने हर बार उन्हें चुनाव लड़ने के लिए राजी किया है।

टिकट मिलना महज एक वैधानिक प्रक्रिया

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि टिकट मिलना चुनाव आयोग के लिए पूरी की जाने वाली एक वैधानिक प्रक्रिया है।

उनकी निजी राय में किसी व्यक्ति को चुनावी जिम्मेदारी मिलने के पीछे तीन बातें महत्वपूर्ण होती हैं। पहला स्वयं व्यक्ति, दूसरा उसकी आवश्यकता और तीसरा योगदान देने की उसकी क्षमता।

उमा भारती के मुताबिक जब ये तीनों बातें होती हैं तो जनता और संगठन के कार्यकर्ता उस व्यक्ति को हाथोंहाथ ले लेते हैं।

मोहन यादव के कामकाज से प्रसन्न और संतुष्ट

ग्वालियर में मीडिया से बातचीत के दौरान उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कामकाज को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी।

उन्होंने कहा था कि वह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बेहद प्रसन्न और संतुष्ट हैं। हालांकि, जब तक सभी जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री का सहयोग नहीं करेंगे, तब तक कोई भी मुख्यमंत्री पूरी तरह सफल नहीं हो सकता।

शिवराज के कार्यकाल में बनी शराब नीति की तारीफ

सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों और शराब दुकानों के बाहर लगाए गए मेडिकल कैंप को लेकर भी उमा भारती ने प्रतिक्रिया दी थी।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में प्रदेश में बेहतरीन शराब नीति बनाई गई थी। इस नीति के कॉमा और फुलस्टॉप तक उन्होंने खुद तय किए थे।

उमा भारती ने कहा कि पुलिस हर जगह डंडा लेकर नहीं घूम सकती। पंच, सरपंच, जिला पंचायत अध्यक्ष से लेकर विधायक और सांसद तक सभी जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

हर जिले में नशा मुक्ति केंद्र खोलने की जरूरत

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शराब छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में नशा मुक्ति केंद्र खोलने की जरूरत भी बताई। उन्होंने शराब नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग पर जोर दिया।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →