भोपाल के स्पा सेंटर में मिलीं युगांडा की 2 महिलाएं, पासपोर्ट-वीजा नहीं दिखाने पर संचालक के खिलाफ केस दर्ज

भोपाल के स्पा सेंटर में मिलीं युगांडा की 2 महिलाएं, पासपोर्ट-वीजा नहीं दिखाने पर संचालक के खिलाफ केस दर्ज
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस की रूटीन चेकिंग के दौरान एक स्पा सेंटर में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। अयोध्या नगर इलाके के थाई आरोमा वेलनेस सेंटर फैमिली सैलून एंड स्पा में काम करने वाली युगांडा की दो महिलाएं पुलिस को पासपोर्ट और वीजा से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सकीं। इसके अलावा सेंटर में किसी भी कर्मचारी का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था। पुलिस ने नियमों का पालन नहीं करने पर सेंटर संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जांच में 6 महिलाएं और एक पुरुष मिला
पुलिस के मुताबिक, सेंटर की जांच की गई। उस समय वहां 6 महिलाएं और एक पुरुष कर्मचारी मौजूद थे। इनमें रशीम उर्फ मैसी और ईरीन उर्फ नीना ने खुद को युगांडा का निवासी बताया।
भारत आने का कारण पूछने पर दोनों महिलाओं ने नौकरी की तलाश में आने की बात कही। पुलिस ने जब उनसे पासपोर्ट और वीजा मांगा तो वे जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सकीं।
किसी कर्मचारी का नहीं हुआ था पुलिस वेरिफिकेशन
सेंटर की मैनेजर पूजा नरवाड़े ने पुलिस को बताया कि वहां अन्य कर्मचारी भी काम करते हैं। जांच में किसी भी कर्मचारी का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं मिला।
पुलिस आयुक्त ने 15 सितंबर 2026 को स्पा सेंटर, ब्यूटी पार्लर और अन्य संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया था। इस आदेश का पालन नहीं करने पर सेंटर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
विदेशी महिलाओं के दस्तावेजों की जांच जारी
पुलिस अब दोनों महिलाओं के भारत आने और यहां रहने से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही स्पा सेंटर में कर्मचारियों के सत्यापन और नियमों के पालन को लेकर भी जांच की जा रही है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →