MP राज्यसभा उपचुनाव: 10 राज्यों में 50 से ज्यादा चुनाव लड़ चुके कांते सयन्ना ने भी खरीदा नामांकन फॉर्म

MP राज्यसभा उपचुनाव: 10 राज्यों में 50 से ज्यादा चुनाव लड़ चुके कांते सयन्ना ने भी खरीदा नामांकन फॉर्म
मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल के बीच एक और अनोखे उम्मीदवार ने नामांकन फॉर्म खरीदा है। देश के 10 से ज्यादा राज्यों में 50 से अधिक चुनाव लड़ चुके कांते सयन्ना ने भी मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। खास बात यह है कि वे इससे पहले उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में भी अपनी उम्मीदवारी दर्ज करा चुके हैं।
बोले- देश में मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों के लिए जगा रहा हूं जागरूकता
लल्लूराम डॉट कॉम और एमपीसी न्यूज 24 से बातचीत में कांते सयन्ना ने कहा कि देश में हालात ठीक नहीं हैं। वे किसी राजनीतिक दल के भरोसे चुनाव नहीं लड़ते, बल्कि अपनी जेब से पैसे खर्च कर जमानत राशि जमा करते हैं। उनका कहना है कि वे आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चुनाव लड़ते हैं।
लोगों की ओर से मजाक उड़ाए जाने और तंज कसे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "लोग मजाक उड़ाते हैं, बहुत कुछ बोलते हैं, लेकिन मेरा काम सिर्फ अपना काम करना है। मुझे परिणाम की कोई चिंता नहीं है।"
10 विधायकों के समर्थन की जरूरत
राज्यसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने के लिए कम से कम 10 विधायकों का प्रस्तावक होना जरूरी है। कांते सयन्ना ने कहा कि वे इसके लिए प्रयास कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि एक दिन जनता उनकी बात समझेगी।
उनका मानना है कि लोकतंत्र को राजनीतिक दलों के प्रभाव से बाहर निकालना जरूरी है, तभी सही मायनों में लोकतंत्र का सवेरा होगा।
10 राज्यों में 50 से ज्यादा चुनाव लड़ चुके हैं सयन्ना
कांते सयन्ना का दावा है कि वे अब तक देश के 10 से अधिक राज्यों में 50 से ज्यादा चुनाव लड़ चुके हैं। अब मध्य प्रदेश के राज्यसभा उपचुनाव में भी उन्होंने दावेदारी पेश करने की तैयारी की है। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी के लिए जरूरी 10 विधायकों का समर्थन मिलना अभी बाकी है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →