राहुल गांधी की दिल्ली रैली में शामिल होने सतना से 500 कांग्रेस कार्यकर्ता रवाना, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के नेतृत्व में निकला 100 गाड़ियों का काफिला

राहुल गांधी की दिल्ली रैली में शामिल होने सतना से 500 कांग्रेस कार्यकर्ता रवाना, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के नेतृत्व में निकला 100 गाड़ियों का काफिला
सतना। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली में शामिल होने के लिए सतना से करीब 500 कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार को रवाना हुए। विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा के नेतृत्व में 100 से ज्यादा चार पहिया वाहनों का काफिला दिल्ली के लिए निकला। इसके अलावा कई कार्यकर्ता ट्रेन से भी दिल्ली पहुंचेंगे।
शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के रीवा रोड स्थित सीताराम पेट्रोल पंप के पास एकत्रित हुए। यहां से वाहनों का काफिला दिल्ली के लिए रवाना हुआ। जिले के अलग-अलग ब्लॉक मुख्यालयों से भी कांग्रेस कार्यकर्ता निजी वाहनों के जरिए महारैली में शामिल होने जाएंगे।
एसआईआर के नाम पर वोट काटने का लगाया आरोप
रवानगी से पहले विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दबाव में चुनाव आयोग एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से लोगों के नाम हटा रहा है। इससे लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
कुशवाहा ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। उन्होंने इसे मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बताया।
19 विपक्षी दलों के शामिल होने का दावा
विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में महारैली आयोजित की जा रही है। इसमें कांग्रेस के साथ इंडिया गठबंधन के 19 विपक्षी दल शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सतना जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इस महारैली में हिस्सा लेने जा रहे हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →