Birsa Munda Jayanti 2026: मध्यप्रदेश में तीन दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह, धार में PM मोदी का संबोधन, CM मोहन यादव करेंगे 1353 करोड़ की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

भोपाल। मध्यप्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के लिए राज्य सरकार ने तीन दिवसीय कार्यक्रम तैयार किया है। प्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किए जाएंगे। इनमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। सबसे बड़ा आयोजन 15 नवंबर को धार जिले के डही में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव धार में रोड शो करने के साथ करीब 1353 करोड़ रुपये की डही माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना से धार और आलीराजपुर जिलों के 126 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने का लक्ष्य है।
तीन दिन चार स्थानों पर होंगे राज्यस्तरीय आयोजन
भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर प्रदेश सरकार ने 14, 15 और 16 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और आलीराजपुर जिले के जोबट तथा 16 नवंबर को खंडवा जिले में राज्यस्तरीय समारोह होंगे। इन आयोजनों में जनजातीय समाज के स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के योगदान को याद किया जाएगा। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
धार में प्रधानमंत्री मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन
15 नवंबर को धार जिले में आयोजित मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री धार जिले में रोड शो भी करेंगे। इस दौरान वे ग्रामीणों से बातचीत कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके लाभ के संबंध में फीडबैक लेंगे। इसके अलावा पात्र पट्टेधारियों के प्लॉट और मकानों की रजिस्ट्री स्वामित्व अधिकार पंजीयन के तहत मुख्यमंत्री की उपस्थिति में कराई जाएगी। मुख्यमंत्री जिले को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।
1353 करोड़ की सिंचाई परियोजना का होगा लोकार्पण
जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य आयोजन में मुख्यमंत्री मोहन यादव डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। धार जिले के डही पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस परियोजना को किसानों के लिए समर्पित किया जाएगा। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 1353.18 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना का निर्माण कराया गया है। परियोजना का निर्माण कार्य 30 जून 2026 को पूरा हो चुका है और वर्तमान में परीक्षण का काम चल रहा है। इसका उद्देश्य नर्मदा नदी का पानी धार और आलीराजपुर जिलों के खेतों तक पहुंचाना है।
126 गांवों के 1.26 लाख किसानों को मिलेगा लाभ
डही माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना से धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। दोनों जिलों की लगभग 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को रबी सीजन में सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा। सरकार के अनुसार, परियोजना से करीब 1 लाख 26 हजार किसानों को लाभ मिलने का अनुमान है। इसके माध्यम से 166.51 मिलियन घनमीटर नर्मदा जल का उद्वहन कर खेतों तक पहुंचाया जाएगा।
किस तहसील में कितनी जमीन होगी सिंचित
परियोजना के तहत धार जिले की कुक्षी तहसील में 13,180 हेक्टेयर और डही तहसील में 15,895 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह आलीराजपुर जिले की जोबट तहसील में 15,963 हेक्टेयर, सोण्डवा तहसील में 1,759 हेक्टेयर और आलीराजपुर तहसील में 1,958 हेक्टेयर भूमि को लाभ मिलेगा। परियोजना से गेहूं, चना, सब्जियों और चारा फसलों सहित अन्य कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नर्मदा नदी से पाइपलाइन के जरिए पहुंचेगा पानी
परियोजना के तहत डही तहसील के कातरखेड़ा गांव के पास नर्मदा नदी पर इंटेक संरचना तैयार की गई है। यहां से पानी उठाकर दबावयुक्त भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पांच आधुनिक पंप हाउस बनाए गए हैं। परियोजना में लगभग 58 किलोमीटर लंबी राइजिंग मेन पाइपलाइन और व्यापक वितरण नेटवर्क तैयार किया गया है। परियोजना के संचालन के लिए 58.87 मेगावाट बिजली की आवश्यकता होगी। बिजली आपूर्ति कुक्षी तहसील के 220 केवी सुसारी सब-स्टेशन और जोबट के 132 केवी सब-स्टेशन से की जाएगी।
85 ग्राम पंचायतों में कृषि चौपाल और पाठशालाएं
सिंचाई परियोजना के लाभार्थी किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने के लिए 11 से 15 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत परियोजना क्षेत्र की 85 ग्राम पंचायतों में कृषि चौपाल और कृषि पाठशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में किसानों को जल प्रबंधन, सिंचाई के प्रभावी उपयोग, फसल विविधीकरण और आधुनिक खेती के तरीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य किसानों को सिंचाई सुविधा के साथ बेहतर कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
समारोह में लगेगी स्मार्ट किसान और प्रेसिजन फार्मिंग प्रदर्शनी
धार में होने वाले मुख्य समारोह में 'स्मार्ट किसान एवं प्रेसिजन फार्मिंग' विषय पर विशेष लाइव प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग संयुक्त रूप से भाग लेंगे। प्रदर्शनी में किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, वैज्ञानिक खेती की तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों के जरिए अतिरिक्त आमदनी के अवसरों के बारे में भी बताया जाएगा।
88 जनजातीय विकासखंडों में होंगे कार्यक्रम
राज्य सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा जयंती के आयोजन को लेकर सभी जिला कलेक्टरों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश के 88 जनजातीय विकासखंडों में जनजातीय गौरव दिवस के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सभी विभागीय हाई स्कूलों, हायर सेकंडरी स्कूलों, विशिष्ट विद्यालयों, छात्रावासों और आश्रम शालाओं में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती मनाई जाएगी। इसके बाद 16 से 18 नवंबर तक जनजातीय नायकों के योगदान पर आधारित सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम होंगे। इनमें जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सरकार के अनुसार, इन आयोजनों का उद्देश्य जनजातीय समाज के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में उसके योगदान और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।





