BJP कोर कमेटी के बड़े फैसले: राज्यसभा उम्मीदवार के लिए 5 नामों का पैनल, 1 लाख लोगों की रैली का लक्ष्य

भोपाल। भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर सोमवार को भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक हुई। इसमें राज्यसभा उपचुनाव के उम्मीदवार, पार्टी के आगामी अभियान, भगवान बिरसा मुंडा जयंती, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने फैसलों की जानकारी दी।
राज्यसभा उम्मीदवार के लिए 4-5 नामों का पैनल
बैठक में एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया। प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, प्रदेश और प्रदेश के बाहर के संभावित नामों को शामिल करते हुए 4 से 5 नामों का पैनल तैयार किया गया है। इसे अंतिम निर्णय के लिए केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा। उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
भोपाल इंदौर और जबलपुर में बड़ी रैलियों की तैयारी
भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बड़ी रैलियां आयोजित करेगी। पार्टी ने इन आयोजनों में करीब एक लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी अभियान के तहत कार्यक्रम और प्रदर्शन किए जाएंगे।
बिरसा मुंडा जयंती और सरकार के तीन साल पूरे होने पर कार्यक्रम
बैठक में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भी कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी की जाएगी।
बैठक में मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के विकास कार्यों का विवरण सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई, ताकि लोगों को जनप्रतिनिधियों के कामों की जानकारी मिल सके।
केंद्र की योजनाओं के लिए बनेगी विशेष टीम
भाजपा की बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं का मध्य प्रदेश में बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए समन्वय व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मंत्रियों के नेतृत्व में विशेष टीम गठित करने की योजना है। इसके तहत केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों के साथ तालमेल के लिए राज्य के सांसदों को भी जिम्मेदारी से जोड़ा जाएगा।
खरगे के बयान पर निंदा प्रस्ताव
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर भी चर्चा हुई। भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी ने बयान की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया। पार्टी ने टिप्पणी को अमर्यादित बताते हुए विरोध दर्ज कराया।




