MP News: दमोह में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद महिला की मौत, इंजेक्शन लगाने पर उठे सवाल

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में कथित झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराने के बाद 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मामला हिंडोरिया थाना क्षेत्र के भदौली गांव का है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सर्दी-जुकाम के इलाज के दौरान महिला को इंजेक्शन लगाया गया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। फिलहाल महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
इलाज के बाद बिगड़ी महिला की तबीयत
जानकारी के मुताबिक, भदौली निवासी फूलरानी पटेल को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। परिजन चुरामन पटेल के अनुसार, रविवार को फूलरानी गांव के ही गोलू पटेल के पास इलाज कराने गई थीं। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने दवाइयां देने के साथ उन्हें इंजेक्शन भी लगाया।
घर लौटने के बाद फूलरानी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें दोबारा संबंधित डॉक्टर के पास ले गए। वहां से हालत गंभीर बताते हुए उन्हें जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। परिजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
महिला की मौत के बाद शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इंजेक्शन या इलाज के कारण ही महिला की मौत हुई, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





