रीवा परमाणु प्लांट में फर्जीवाड़े का आरोप, केन-बेतवा मुआवजे पर भी घिरे मोहन यादव; उमंग सिंघार का हमला

रीवा परमाणु प्लांट में फर्जीवाड़े का आरोप, केन-बेतवा मुआवजे पर भी घिरे मोहन यादव; उमंग सिंघार का हमला
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने रीवा में प्रस्तावित परमाणु संयंत्र, पन्ना में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापितों को मुआवजा और राज्यसभा चुनाव समेत कई मुद्दों पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। सिंघार ने कहा कि कांग्रेस इन मामलों को लेकर सरकार को जवाबदेह बनाएगी।
रीवा परमाणु संयंत्र को लेकर फर्जीवाड़े का आरोप
उमंग सिंघार ने कहा कि रीवा के सिरमौर और मनगवां क्षेत्र में प्रस्तावित परमाणु संयंत्र को लेकर आदिवासी और दलित समुदाय के लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामसभा के विरोध के बावजूद एक कथित फर्जी सरपंच के पत्र के आधार पर बोरिंग की अनुमति दिखाई जा रही है।
सिंघार ने सवाल उठाया कि क्या घनी आबादी वाले क्षेत्र में परमाणु संयंत्र स्थापित करना उचित है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है और गरीबों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर अदालत का रुख करेगी।
केन-बेतवा परियोजना में मुआवजे पर सवाल
पन्ना जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापितों का मुद्दा उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने मुआवजा वितरण में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, ऐसे लोगों को भी मुआवजा दिया गया है जिनका परियोजना से सीधा संबंध नहीं है, जबकि वास्तविक विस्थापितों की स्थिति की अब तक समुचित जांच नहीं कराई गई।
सिंघार ने यह भी आरोप लगाया कि प्रभावित लोगों के संयुक्त खाते खोलने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से मुआवजा वितरण की जांच कराने और वास्तविक विस्थापितों को उनका अधिकार देने की मांग की।
खड़गे के बयान और भाजपा के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंघार ने कहा कि उन्होंने संबंधित बयान नहीं सुना है। उन्होंने कहा कि किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसके संदर्भ और भाव को समझना जरूरी है।
वहीं, कांग्रेस कार्यालय के घेराव को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए सिंघार ने सवाल उठाया कि पार्टी किस बात का विरोध कर रही है। उन्होंने भाजपा पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का झंडा उठाकर चलने का कटाक्ष भी किया।
राज्यसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा पर हमला
मध्य प्रदेश की खाली हुई राज्यसभा सीट के उपचुनाव पर सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा आम जनता के हितों के बजाय अपनी राजनीतिक मर्जी के अनुसार फैसले लेती है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में सरकारी संस्थाओं के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा।
राज्यसभा उम्मीदवार के सवाल पर सिंघार ने कहा कि प्रत्याशी को लेकर पार्टी का निर्णय उचित समय पर सामने आएगा।