Dewas Poisonous Liquor Case: जल्दी अमीर बनने के लालच में बनाई नकली शराब, ठेकों के कर्मचारियों के जरिए बेचने का नेटवर्क तैयार

मध्य प्रदेश के देवास में जहरीली शराब पीने से 10 से ज्यादा लोगों की मौत के मामले में जांच के दौरान नकली शराब बनाने और उसे बाजार में खपाने के कथित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, मामले के मुख्य आरोपी अजय राठौर (27) ने जल्दी अमीर बनने के लालच में नकली शराब तैयार करने की योजना बनाई थी। आरोप है कि शराब बनाने से पहले ही उसने इसकी बिक्री के लिए नेटवर्क तैयार कर लिया था, जिसमें सरकारी शराब दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों को भी जोड़ा गया।
अजय राठौर इंदौर जिले के पूर्वाडादाई गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसने अपने गांव स्थित मकान में नकली शराब तैयार की और देवास जिले की दुकानों तक इसकी आपूर्ति की। इंदौर की एक शराब दुकान के कर्मचारियों को भी कथित तौर पर इस नेटवर्क में शामिल किया गया था।
असली शराब की पेटियों में रखी नकली बोतलें
जांच के मुताबिक, आरोपियों ने नकली शराब को असली जैसा दिखाने के लिए कबाड़ की दुकानों से खाली शराब की बोतलें खरीदीं। उनमें नकली शराब भरकर ढक्कन से पैक किया गया। इसके बाद लाइसेंसी शराब की पेटियों में नकली बोतलें रखकर चंदाना, बिंजाना और आसपास के क्षेत्रों की दुकानों तक पहुंचाई गईं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने 2 से 5 अक्टूबर के बीच नकली शराब तैयार की और 6 से 11 अक्टूबर के बीच इसकी बिक्री शुरू की। शुरुआती खेप देवास की दुकानों तक पहुंचाई गई थी।
इंदौर से मंगवाया गया था केमिकल
पुलिस के मुताबिक, नकली शराब बनाने के लिए केमिकल इंदौर के महावीर मार्केट और लोहामंडी स्थित गोदाम से मंगवाया गया था। जांच में पूर्वाडादाई गांव में अजय के मकान और उसके साथी गोविंद के लौहार पिपल्या स्थित मकान में केमिकल में पानी मिलाकर नकली शराब तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
मौतों की खबर के बाद फरार हुआ आरोपी
लोगों के बीमार पड़ने और मौतों की जानकारी सामने आने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अन्य दुकानों तक नकली शराब भेजना बंद कर दिया और घर से गायब हो गया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों के मकानों की तलाशी ली और इंदौर स्थित गोदामों को सील कर दिया।
देवास जहरीली शराब मामले में मौतों के कारणों, नकली शराब की आपूर्ति और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।





