गुना में डकैतों का हमला: 7 महीने की बच्ची को बनाया बंधक, दादी ने 7 बदमाशों से भिड़कर छुड़ाया

गुना में डकैतों का हमला: 7 महीने की बच्ची को बनाया बंधक, दादी ने 7 बदमाशों से भिड़कर छुड़ाया
मध्य प्रदेश के गुना जिले के बेरखेड़ी गांव में आधी रात को हथियारबंद बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल दिया। सब्बल, लाठी, चाकू और 12 बोर की बंदूकें लेकर पहुंचे 7 बदमाशों ने परिवार को डराया-धमकाया और लूटपाट की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने 7 महीने की मासूम बच्ची को बंधक बना लिया। बच्ची की दादी मोहर बाई ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों से मुकाबला किया और मौका मिलते ही अपनी पोती को उनके हाथों से छुड़ा लिया। वारदात के दौरान बदमाशों ने 14-15 राउंड फायरिंग भी की, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
घटना गुना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर बेरखेड़ी गांव की है। वीरेंद्र धाकड़ का परिवार रात में खाना खाने के बाद सो रहा था। रात करीब 2 बजे हथियारों से लैस 7 बदमाश घर में घुस आए।
छाती पर बंदूक अड़ाई और बच्ची को बनाया बंधक
बदमाशों ने सबसे पहले छोटे बेटे छोटू सिंह के कमरे की कुंडी खटखटाई और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। शोर सुनकर मोहर बाई बाहर आईं तो बदमाशों ने उनकी छाती पर बंदूक अड़ा दी और उनके साथ मारपीट की।
इसके बाद बदमाश बहू के कमरे में घुसे और सामान की तलाशी लेने लगे। पर्स और गहनों की तलाश में तोड़फोड़ की, लेकिन जब उन्हें कुछ खास नहीं मिला तो एक बदमाश ने पलंग पर सो रही 7 महीने की बच्ची को गोद में उठा लिया। उसने मासूम को जान से मारने की धमकी देकर परिवार से नकदी और जेवर मांगे।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण तो की फायरिंग
मोहर बाई करीब 10 मिनट तक बदमाशों से बच्ची को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं। इसी बीच शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचने लगे। ग्रामीणों को आता देख बदमाशों ने 14-15 राउंड अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान बदमाशों का ध्यान भटका तो मोहर बाई ने झपट्टा मारकर अपनी पोती को उनके हाथों से छीन लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने बदमाशों पर हमला कर दिया और उनकी दो बंदूकें छीन लीं। हालात बिगड़ते देख बदमाश मौके से भाग निकले।
फायरिंग में तीन लोग घायल
बदमाशों की गोलीबारी में मोहर बाई के बेटे छोटू धाकड़, ग्रामीण रंजीत धाकड़ और मोहन मोंगिया छर्रे लगने से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल छोटू का इलाज भोपाल के हमीदिया अस्पताल में चल रहा है।
दो महिलाओं ने की थी घर की रेकी
धरनावदा थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस की गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात से पहले दो पारदी महिलाओं ने घर की रेकी की थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें रेकी करने वाली महिलाएं भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिर्राज पारदी, जोनी पारदी, रामदास पारदी, टीनू बाई, प्रियंका और टावर पारदी के रूप में हुई है।
बंदूक, बाइक और चांदी के जेवर जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 12 बोर की बंदूक, बाइक, चांदी की पायल और बिछुड़ी बरामद की है। वारदात में शामिल एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →