MP News: विदिशा में डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग दंपत्ति से 69 लाख की ठगी, नकली CBI अफसर बन 25 दिन तक डराया

MP News: विदिशा में डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग दंपत्ति से 69 लाख की ठगी, नकली CBI अफसर बन 25 दिन तक डराया
मध्य प्रदेश के विदिशा में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नकली CBI अधिकारी बनकर साइबर जालसाजों ने एक रिटायर्ड बिजलीकर्मी और उनकी पत्नी को 25 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा। इस दौरान आरोपियों ने वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग दंपत्ति को गंभीर अपराध में फंसाने की धमकी दी और उनसे जिंदगीभर की कमाई के 69 लाख रुपये ठग लिए।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बंटी नगर का है। जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने बुजुर्ग दंपत्ति के अकेलेपन का फायदा उठाया। वीडियो कॉल पर खुद को CBI अधिकारी बताकर उन्हें किसी गंभीर अपराध में शामिल होने का झूठा आरोप लगाया। गिरफ्तारी और कार्रवाई का डर दिखाकर उन्हें लगातार 25 दिनों तक अपने निर्देशों का पालन करने के लिए मजबूर किया।
25 दिन तक घर से बाहर नहीं निकलने दिया
जालसाजों ने बुजुर्ग दंपत्ति को इस कदर डरा दिया कि वे 25 दिनों तक घर से बाहर तक नहीं निकले। ठगों के चंगुल से बाहर आने के बाद पीड़ितों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आरोपियों ने इस दौरान उनसे कुल 69 लाख रुपये ठग लिए।
चार विशेष टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें बनाई हैं। इनमें से एक टीम को दूसरे राज्य में भी रवाना किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जालसाजों से जुड़े कई बैंक खातों को होल्ड करवा दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →