'हनुमान अंश' की टीम आज भोपाल में, दर्शकों से करेगी सीधा संवाद

भोपाल। फिल्म 'हनुमान अंश' की टीम आज भोपाल पहुंचेगी। टीम शाम को अवधपुरी स्थित रीगल सिनेमा पहुंचेगी, जहां फिल्म के कलाकार दर्शकों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान पार्वती माई, गोपाल बहेलिया और चांद चोर का किरदार निभाने वाले कलाकार मौजूद रहेंगे। फिल्म में गोपाल बहेलिया की भूमिका भगवानदास पटेल, पार्वती माई का किरदार नेहा परांजपे और चांद चोर की भूमिका अभिषेक मिश्रा ने निभाई है। फिल्म की टीम रविवार को भी भोपाल में रहेगी। सुबह 11:30 बजे बंसल प्लाजा मल्टीप्लेक्स और दोपहर 2:30 बजे डीबी मॉल में दर्शकों से मुलाकात और संवाद का कार्यक्रम है। इस दौरान श्री हनुमान भक्त मंडल के सदस्य भी फिल्म की टीम के साथ मौजूद रहेंगे। मंडल के संयोजक प्रशांत सिंह राजपूत, गोपाल तोमर, पृथ्वीसिंह चौहान और सुरेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि टीम शहर में हनुमान भक्तों और दर्शकों से मुलाकात कर फिल्म को लेकर संवाद करेगी।
फिल्म से जुड़े कलाकारों का मध्य प्रदेश से खास नाता
'हनुमान अंश' के कलाकारों और गायकों का मध्य प्रदेश से भी खास जुड़ाव है। फिल्म में सागर जिले के दिव्यांग गायक सुनील लोधी ने बुंदेली भजन गाया है। उनकी प्रतिभा की जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंची थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें मुख्यमंत्री निवास बुलाकर सम्मानित किया था। सीएम ने सुनील लोधी को 1 लाख रुपये की सम्मान निधि भी दी थी और उनकी आंखों की रोशनी लौटाने के लिए इलाज में मदद का आश्वासन दिया था। फिल्म के 8 वर्षीय बाल कलाकार मास्टर सात्विक शर्मा ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य भेंट की थी।
जबलपुर से मुंबई तक भगवानदास पटेल का सफर
फिल्म में गोपाल बहेलिया का किरदार निभाने वाले अभिनेता भगवानदास पटेल जबलपुर के रहने वाले हैं। जबलपुर से मुंबई तक का उनका सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने करीब छह साल थिएटर में काम करने के बाद टीवी और फिल्मों में अपनी पहचान बनाई। भगवानदास पटेल 'मुझसे फ्रेंडशिप करोगे', 'प्रेम रतन धन पायो', 'थार', 'रंगबाज' और 'फोटोग्राफ' जैसी फिल्मों और वेब सीरीज का हिस्सा रह चुके हैं। वहीं फिल्म से जुड़े गायक साधु तिवारी ग्वालियर के रहने वाले हैं। इस तरह 'हनुमान अंश' की टीम का मध्य प्रदेश से जुड़ाव फिल्म के कलाकारों से लेकर संगीत तक दिखाई देता है।




