MP News: में चौथी मंजिल से कूदी महिला, ‘मम्मी-मम्मी’ चिल्लाता रहा बेटा; हालत गंभीर

MP News: में चौथी मंजिल से कूदी महिला, ‘मम्मी-मम्मी’ चिल्लाता रहा बेटा; हालत गंभीर
मध्य प्रदेश के मुरैना में एक महिला ने मकान की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। घटना सोमवार तड़के करीब 4 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के नैनागढ़ रोड की है। महिला को गंभीर हालत में पहले मुरैना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से ग्वालियर और फिर दिल्ली रेफर किया गया। दिल्ली में उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
आधे घंटे तक समझाते रहे परिजन
जानकारी के मुताबिक, महिला सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे मकान की छत पर पहुंच गई थी। डेयरी का काम होने के कारण उसका पति और आसपास के कुछ लोग जाग रहे थे। महिला को छत पर देखकर पति और बच्चे ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाना शुरू किया। शोर सुनकर मोहल्ले की महिलाएं भी अपनी छतों पर आ गईं।
परिजनों और आसपास के लोगों ने करीब आधे घंटे तक महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी और अचानक चौथी मंजिल से कूद गई।
वीडियो में बेटे की आवाज सुनाई दी
घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया है। इसमें नीचे खड़े लोग महिला को रोकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बच्चा ‘मम्मी-मम्मी’ पुकारता सुनाई देता है। पति भी उसे आवाज देकर रोकता रहा और बचाने के लिए घर की चाबी मांगता दिखाई दिया।
एक महीने पहले किराए पर रहने आया था परिवार
सीएसपी कवीन्द्र सिंह चौहान के मुताबिक, दंपति मूल रूप से अंबाह का रहने वाला है और करीब एक महीने पहले नैनागढ़ रोड स्थित रामहेत सिकरवार के मकान में किराए से रहने आया था। परिवार ने वहां डेयरी की दुकान भी शुरू की थी।
महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, जांच जारी
छत से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते आगे के इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया। पुलिस महिला के इस कदम के पीछे की परिस्थितियों का पता लगा रही है। फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →