MP Bank Strike 2026: मध्य प्रदेश में 3 दिसंबर को बैंकों की हड़ताल, 8 हजार कर्मचारी नहीं करेंगे काम, 11 प्रमुख बैंकों में लेन-देन पर पड़ेगा असर

भोपाल। मध्य प्रदेश में तीन दिसंबर को बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में प्रदेश के 11 प्रमुख बैंकों के करीब आठ हजार कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इनमें अधिकांश लिपिक वर्ग के कर्मचारी शामिल हैं। बैंक कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर देशभर में राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी, जिसमें लाखों बैंक कर्मचारी और अधिकारी शामिल होंगे। हड़ताल के चलते बैंकों की शाखाओं में नकद जमा, निकासी और अन्य बैंकिंग कार्य प्रभावित होने की संभावना है।
तीन कर्मचारी संगठनों ने किया हड़ताल का आह्वान
ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाईज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्प्लाईज फेडरेशन ऑफ इंडिया ने तीन दिसंबर को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है।
बैंक कर्मचारी संगठनों की मांग है कि आईडीबीआई बैंक के निजीकरण और विदेशीकरण की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए। इसके साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के हितों की रक्षा की जाए।
हड़ताल से पहले देशभर में विरोध प्रदर्शन, विरोध स्वरूप बैज लगाने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभियान चलाने सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में बुधवार को भोपाल में भी बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
इन 11 प्रमुख बैंकों में दिखाई देगा हड़ताल का असर
पंजाब नेशनल बैंक
बैंक ऑफ बड़ौदा
केनरा बैंक
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया
बैंक ऑफ इंडिया
इंडियन बैंक
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
इंडियन ओवरसीज बैंक
यूको बैंक
बैंक ऑफ महाराष्ट्र
पंजाब एंड सिंध बैंक
इसके अलावा एसआईबी के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होंगे, हालांकि उनकी संख्या अपेक्षाकृत कम बताई गई है।
पदाधिकारी बोले- निजीकरण सिर्फ एक बैंक का मामला नहीं
बैंक कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी नजीर कुरैशी, दीपक रतन शर्मा, गुणा शेखरन, वैभव गुप्ता, देवेंद्र खरे, एमएस जयशंकर और भगवान स्वरूप कुशवाहा ने कहा कि आईडीबीआई बैंक के निजीकरण का मुद्दा केवल एक बैंक तक सीमित नहीं है।
यह सार्वजनिक क्षेत्र, बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों, शेयरधारकों और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के हितों से जुड़ा मामला है।
पदाधिकारियों का कहना है कि जिस सार्वजनिक संस्थान के पुनर्निर्माण में जनता के धन का इस्तेमाल हुआ है, उसे केवल बिक्री योग्य संपत्ति के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
9500 करोड़ रुपए से अधिक के मुनाफे का दिया हवाला
बैंक कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने दावा किया कि आईडीबीआई बैंक ने पिछले वर्ष 9500 करोड़ रुपए से अधिक का मुनाफा कमाया है। ऐसे में लाभ में चल रहे बैंक को किसी विदेशी कॉर्पोरेट समूह के हाथों बेचने की तैयारी पर उन्होंने सवाल उठाए हैं।
संगठनों ने सरकार से पूछा है कि आखिर बैंक का निजीकरण क्यों किया जा रहा है। उन्होंने बैंक के विनिवेश और बिक्री प्रक्रिया का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी की है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो तेज होगा आंदोलन
बैंक कर्मचारी संगठनों ने मांग की है कि विनिवेश की प्रक्रिया में आगे बढ़ने से पहले स्वतंत्र जांच और मूल्यांकन कराया जाए। इसके साथ ही आईडीबीआई बैंक के निजीकरण की प्रक्रिया तत्काल रद्द की जाए।
संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ग्राहक पहले ही निपटा लें जरूरी बैंकिंग काम
तीन दिसंबर को प्रस्तावित हड़ताल के चलते बैंक शाखाओं में नकद लेन-देन, चेक संबंधी कार्य और अन्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
ऐसे में ग्राहकों के लिए बेहतर होगा कि वे शाखा से जुड़े जरूरी बैंकिंग कार्य हड़ताल से पहले ही पूरे कर लें।





