मध्य प्रदेश BJP का नया प्लान: दिवाली के बाद बूथों पर पहुंचेंगे CM मोहन यादव समेत दिग्गज नेता

मध्य प्रदेश BJP का नया प्लान: दिवाली के बाद बूथों पर पहुंचेंगे CM मोहन यादव समेत दिग्गज नेता
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में इस रणनीति पर मंथन के बाद तय किया गया है कि दिवाली के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत संगठन के वरिष्ठ नेता सीधे बूथों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
बूथ स्तर पर बैठकें करेंगे वरिष्ठ नेता
नई कार्ययोजना के तहत मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और संगठन महामंत्री बूथ स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जिला दौरों के दौरान मुख्यमंत्री किसी एक बूथ स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष भी जिला मुख्यालयों के अलावा बूथों पर पहुंचकर संगठन की बैठकें करेंगे। स्थानीय और जिला स्तर के नेताओं को भी बूथों पर समय देने के निर्देश रहेंगे।
टिफिन बैठक में होगी संगठन पर चर्चा
इस अभियान में बूथ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों के जरिए वरिष्ठ नेता जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत करेंगे और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
पार्टी की इस रणनीति का उद्देश्य जिला मुख्यालयों तक सीमित रहने के बजाय बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाना और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद मजबूत करना है। दिवाली के बाद शुरू होने वाले इस अभियान में बूथ इकाइयों की भूमिका पर विशेष जोर रहेगा।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →