MP Board Exam 2027: 10वीं और 12वीं के लाखों विद्यार्थियों को बड़ी राहत, दो अंक वाले सवालों में फिर मिलेगा विकल्प, माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जारी किया आदेश

MP Board Exam 2027: 10वीं और 12वीं के लाखों विद्यार्थियों को बड़ी राहत, दो अंक वाले सवालों में फिर मिलेगा विकल्प, माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जारी किया आदेश

भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। अब कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में दो अंक वाले सवालों में पहले की तरह आंतरिक विकल्प दिया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। करीब एक महीने पहले मंडल ने दो अंक वाले सवालों में विकल्प समाप्त करने का निर्णय लिया था। अब पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों में आंशिक बदलाव करते हुए पुरानी व्यवस्था बहाल कर दी गई है।

दो में से किसी एक सवाल का देना होगा जवाब

माध्यमिक शिक्षा मंडल के नए आदेश के अनुसार, दो अंक वाले प्रश्नों में विद्यार्थियों को आंतरिक विकल्प मिलेगा। विद्यार्थियों को दिए गए दो विकल्पों में से किसी एक सवाल का उत्तर लिखना होगा।

इस बदलाव से विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान अपनी तैयारी के अनुसार सवाल चुनने की सुविधा मिलेगी।

9वीं से 12वीं तक की परीक्षाओं के दिशा-निर्देशों में बदलाव

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक की परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों में आंतरिक विकल्प को लेकर पहले जारी किए गए दिशा-निर्देशों में आंशिक संशोधन किया है।

करीब एक महीने पहले जारी आदेश में दो अंक वाले सवालों में आंतरिक विकल्प की व्यवस्था समाप्त कर दी गई थी। अब मंडल ने अपने इस फैसले में बदलाव करते हुए पहले की तरह विकल्प देने का निर्णय लिया है।

15 से 16 लाख विद्यार्थी होंगे बोर्ड परीक्षा में शामिल

मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की आगामी कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में करीब 15 से 16 लाख विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है।

ऐसे में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र के प्रारूप में किए गए इस बदलाव से लाखों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। अब विद्यार्थी दो अंक वाले सवालों में भी पहले की तरह अपनी पसंद के विकल्प का चयन कर सकेंगे।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →