MP में छुट्टी के दिन भी खुलेंगी कृषि उपज मंडियां, सोयाबीन और मक्का की होगी खरीदी

भोपाल। मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने सोयाबीन और मक्का उत्पादक किसानों को राहत देते हुए बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश में अवकाश के दिनों में भी कृषि उपज मंडियां खुली रहेंगी और किसानों से सोयाबीन तथा मक्का की खरीदी की जाएगी। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए छुट्टियां खत्म होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सोयाबीन और मक्का की बंपर आवक को देखते हुए फैसला
प्रदेश की मंडियों में इन दिनों सोयाबीन और मक्का की आवक बढ़ रही है। किसानों को उपज बेचने में परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया बाधित न हो, इसके लिए सरकार ने छुट्टियों में भी मंडियां संचालित रखने का निर्णय लिया है। इससे किसान बिना रुकावट अपनी फसल मंडियों में बेच सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि सोयाबीन और मक्का उत्पादक किसानों की सुविधा और उनकी उपज के सुगम उपार्जन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा, उनकी मेहनत का उचित मूल्य और उनके हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अब अवकाश के दिनों में भी मंडियां खुली रहने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेगा।





