MP Mid Day Meal New Menu: सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलेगा भुट्टे का कीस, दाल-बाफला और रंगीन चपाती, सप्ताह में एक दिन परोसे जाएंगे स्थानीय व्यंजन

MP Mid Day Meal New Menu: सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलेगा भुट्टे का कीस, दाल-बाफला और रंगीन चपाती, सप्ताह में एक दिन परोसे जाएंगे स्थानीय व्यंजन

भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब बच्चों को मध्याह्न भोजन में दाल-रोटी और सब्जी के साथ भुट्टे का कीस, दाल-बाफला, सेव-टमाटर की सब्जी, दाल-पानिया और बाजरे की राबड़ी जैसे पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाएंगे। राज्य सरकार ने बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और स्थानीय खानपान से जोड़ने के लिए मध्याह्न भोजन योजना के मेन्यू में बदलाव किया है। अब सप्ताह में कम से कम एक दिन बच्चों को उनके अंचल का पारंपरिक और पौष्टिक भोजन देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा बच्चों की थाली में हरी और गुलाबी चपाती भी नजर आएगी।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने जारी की नई मार्गदर्शिका

राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की नई मार्गदर्शिका जारी की है। इसमें भोजन की विविधता, पोषण स्तर, स्थानीय व्यंजनों, भोजन पकाने की विधि और स्वच्छता को लेकर कई बदलाव किए गए हैं।

खास बात यह है कि अब मेन्यू तैयार करने में अधिकारियों के साथ स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावकों और विद्यार्थियों की भी भागीदारी होगी। बच्चों की पसंद के आधार पर भी मेन्यू में बदलाव किया जा सकेगा।

अंचल के हिसाब से बदलेगा बच्चों की थाली का स्वाद

प्रदेश के अलग-अलग अंचलों के पारंपरिक व्यंजनों को मध्याह्न भोजन में शामिल किया गया है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री और खानपान की परंपराओं को ध्यान में रखते हुए मेन्यू तैयार किया जाएगा।

मालवा – भुट्टे का कीस, दाल-बाफला, सेव-टमाटर की सब्जी और गेहूं की थूली।

निमाड़ – दाल-पानिया और मक्का-ज्वार की भाकरी।

विंध्य और महाकौशल – इंद्रहर, फुलौरी की कढ़ी, महेरी और कोदो-कुटकी के व्यंजन।

बुंदेलखंड – बेसन के चीले और महेरी।

ग्वालियर-चंबल – बाजरे की राबड़ी और बेड़ई।

भोपाल-नर्मदापुरम – दाल-बाफला, पंचमेल दाल और लापसी।

जनजातीय बहुल क्षेत्र – महुआ-अलसी के लड्डू, कोदो-कुटकी की खीर और खिचड़ी।

खून की कमी दूर करने के लिए परोसी जाएंगी हरी और गुलाबी चपाती

बच्चों में एनीमिया यानी खून की कमी से बचाव के लिए भोजन में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।

गेहूं के आटे में पालक, मेथी, बथुआ और सहजन की पत्तियां मिलाकर हरी चपाती तैयार की जाएगी। वहीं, गाजर मिलाकर गुलाबी चपाती बनाई जाएगी।

इसके अलावा सहजन यानी मुनगा की पत्तियों को छाया में सुखाकर उनका पाउडर तैयार किया जाएगा। इस पाउडर का इस्तेमाल आटे, दाल और खिचड़ी में किया जा सकेगा।

तुअर दाल महंगी हुई तो इस्तेमाल होंगे दूसरे विकल्प

बाजार में खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों का असर बच्चों के भोजन पर न पड़े, इसके लिए नई मार्गदर्शिका में वैकल्पिक खाद्य सामग्री के इस्तेमाल की व्यवस्था भी की गई है।

तुअर दाल या काबुली चना महंगा होने पर उसके स्थान पर सेम, बरबटी, हरा चना, मूंग दाल और सोया बड़ी का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

हालांकि, खाद्य सामग्री में बदलाव करते समय भोजन का निर्धारित पोषण स्तर बनाए रखना होगा।

हर स्कूल के लिए तैयार होगी रेसिपी बुक

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और स्वाद में एकरूपता बनाए रखने के लिए पोषण विशेषज्ञों की मदद से रेसिपी बुक तैयार की जाएगी।

इसमें प्रत्येक व्यंजन को बनाने की विधि, प्रति विद्यार्थी खाद्य सामग्री की निर्धारित मात्रा और भोजन पकाने का समय दर्ज रहेगा।

मेन्यू को लेकर विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समिति से भी सुझाव लिए जाएंगे। उनके फीडबैक के आधार पर जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकेगा।

सप्ताह में दो दिन हरी सब्जियां और एक दिन मौसमी फल

बच्चों को सप्ताह में कम से कम दो दिन हरी पत्तेदार सब्जियां खिलाने का प्रावधान किया गया है। हालांकि, बारिश के मौसम में संक्रमण की आशंका को देखते हुए हरी पत्तेदार सब्जियों को मेन्यू में शामिल नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा सप्ताह में एक दिन बच्चों को मौसमी फल भी दिए जाएंगे। इनमें अमरूद, केला, पपीता, आंवला, बेर, सीताफल, जामुन और आम जैसे फल शामिल होंगे।

फलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों की पोषण वाटिका, उद्यानिकी विभाग और स्थानीय समुदाय का सहयोग लिया जाएगा।

त्योहारों और बाजार भाव के अनुसार भी बदल सकेगा मेन्यू

स्थानीय त्योहारों, विशेष अवसरों और बाजार में खाद्य सामग्री की उपलब्धता एवं कीमतों को देखते हुए मध्याह्न भोजन के मेन्यू में बदलाव करने की छूट दी गई है।

दही उपलब्ध नहीं होने पर कढ़ी बनाने में कबीट, आम या इमली की खटाई का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसी तरह खीर के स्थान पर गुड़ से बना मीठा दलिया भी परोसा जा सकेगा।

प्रदेश में अभी इस तरह संचालित हो रही योजना

मध्य प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में अक्षय पात्र फाउंडेशन के माध्यम से भी सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाता है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर भोजन तैयार करने की व्यवस्था है।

नई मार्गदर्शिका के तहत अब बच्चों को नियमित भोजन के साथ स्थानीय और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। सरकार का उद्देश्य बच्चों के भोजन में विविधता लाने के साथ उनके पोषण स्तर में सुधार करना है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →