MP Road Accident: अनूपपुर और टीकमगढ़ में दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत, पांच गंभीर घायल, खड़े वाहन और नीलगाय से टकराए वाहन

अनूपपुर/टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के अनूपपुर और टीकमगढ़ जिलों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अनूपपुर के कोतमा में नेशनल हाईवे-43 पर सड़क किनारे खड़े राखड़ से भरे कैप्सूल वाहन में लकड़ी से लदा ट्रक जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टीकमगढ़ के बड़ागांव थाना क्षेत्र में अचानक सड़क पर आई नीलगाय से दो बाइकें टकरा गईं। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अनूपपुर में खड़े कैप्सूल वाहन से टकराया ट्रक
अनूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर देर रात सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, लकड़ी से लदा एक ट्रक ओडिशा से शहडोल की ओर जा रहा था।
इसी दौरान कोतमा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े राखड़ से भरे कैप्सूल वाहन से ट्रक पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ट्रक चालक शाहिद और खलासी सुलतान की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
क्रेन की मदद से बाहर निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही कोतमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद हाईवे पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
टीकमगढ़ में नीलगाय से टकराईं दो बाइकें
दूसरा सड़क हादसा टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में हुआ। बड़ागांव से बल्देवगढ़ जाने वाले मार्ग पर दरगुवां गांव के पास दो बाइकें नीलगाय से टकरा गईं।
बताया जा रहा है कि दोनों बाइकों पर सवार लोग ककरवाहा गांव से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पार कर रही नीलगाय उनकी बाइकों के सामने आ गई।
नीलगाय से टकराने के बाद दोनों बाइकें असंतुलित हो गईं। हादसे में 35 वर्षीय पुरुषोत्तम नापित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
पांचों घायलों को जिला अस्पताल किया रेफर
हादसे के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल टीकमगढ़ रेफर कर दिया गया।
बड़ागांव थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों जिलों में हुए सड़क हादसों में कुल तीन लोगों की जान गई है, जबकि पांच घायलों का उपचार जारी है।





