नेपाल बाढ़-भूस्खलन पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दुखी, बागेश्वर धाम भेजेगा राहत और मेडिकल टीम

भोपाल। पड़ोसी देश नेपाल में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर इस मुश्किल वक्त में नेपाल के लोगों के प्रति संवेदना जताई और मदद का भरोसा दिलाया।
‘नेपाल के लोगों के साथ खड़ा है बागेश्वर धाम परिवार’
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने संदेश में नेपाल में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कई परिवारों को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा भारत और बागेश्वर धाम परिवार नेपाल के लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय से उबरने की शक्ति मिले और प्रभावित लोगों की रक्षा हो।
नेपाल में राहत और सेवा कार्य में जुटने की अपील
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नेपाल स्थित बागेश्वर धाम मंडल से राहत और सेवा कार्यों में तत्काल जुटने की अपील की है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री और आवश्यक सहायता पहुंचाने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश स्थित गढ़ा धाम से भी सेवादारों और सदस्यों की एक विशेष टीम नेपाल भेजने की तैयारी है। उनके अनुसार, यह टीम प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के साथ भोजन, आवश्यक सामग्री और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करेगी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नेपाल में आई इस त्रासदी से उनका मन बेहद दुखी है और बागेश्वर धाम परिवार संकट की इस घड़ी में नेपाल के लोगों के साथ खड़ा है।





